हरिद्वार पुलिस ने नाबालिग के अपहरण व दुष्कर्म के आरोपी को दबोचा
हरिद्वार। थाना सिडकुल पुलिस ने नाबालिग का अपहरण कर दुष्कर्म करने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पीड़िता को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 20 फरवरी 2026 को वादी निवासी मितौली, उत्तर प्रदेश की लिखित तहरीर पर थाना सिडकुल में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान प्रकाश में आए आरोपी सतीश पुत्र मोतीलाल निवासी ग्राम गंगापुर, तहसील मिश्रीक, थाना सदना, जिला सीतापुर (उत्तर प्रदेश) को 27 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने अपहृत नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संजय चौहान, महिला हेड कांस्टेबल उमा सरोहा तथा हेड कांस्टेबल संजय शामिल रहे। पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
(दुष्कर्म और अपहरण) पुलिस के हाथ आया दुष्कर्मी ।।


