मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने अन्तर्राष्ट्रीय आलू केन्द्र, पेरू के महानिदेशक डा० साइमन हैक से की मुलाकात

ADVERTISEMENT

Promote Your Business Here

न्यूज ऑफ इंडिया (एजेंसी)

लखनऊ: 20 मार्च, 2025

प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार और कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने गुरूवार को लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर अन्तर्राष्ट्रीय आलू केन्द्र, पेरू के महानिदेशक डा० साइमन हैक से शिष्टाचार मुलाकात की। उन्होंने पेरू के महानिदेशक से उत्तर प्रदेश में आलू उत्पादन में नवाचार के लिए सहयोग देने एवं अन्तर्राष्ट्रीय आलू केन्द्र, पेरू की शाखा जनपद आगरा के राजकीय आलू प्रक्षेत्र, सींगना में स्थापित किये जाने के लिए आभार जताया।
उद्यान मंत्री ने भेंट के दौरान श्री हैक को यह भी अवगत कराया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के किसानों को फसलों की आधुनिक तकनीको से जोड़ते हुए उनके उत्पादों को देश के साथ-साथ विदेशी बाजार तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था को 01 ट्रिलियन डॉलर बनाने का संकल्प लिया है। इसमें आलू किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इसको दृष्टिगत रखते हुए राज्य सरकार आलू के भंडारण, सुरक्षा, निर्यात आदि में आलू उत्पादकों को सहायता प्रदान कर रही है। योगी सरकार में कृषि एवं बागवानी क्षेत्र में नवाचार एवं निवेश हेतु देश-विदेश के निवेशकों को भी आमंत्रित किया गया है। उत्तर प्रदेश आलू प्रधान क्षेत्र है। राज्य सरकार किसानों को उन्नत बीज एवं तकनीक का सहयोग देकर आलू के उत्पादन को और बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान कर रही है। ताकि आलू का निर्यात भी हो सके और प्रदेश सरकार को राजस्व भी प्राप्त हो।

उद्यान मंत्री ने बताया कि अन्तर्राष्ट्रीय आलू केन्द्र की शाखा की स्थापना से प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण के लिए उपयुक्त आलू किस्मों के जर्म प्लाज्म सहजतापूर्वक उपलब्ध हो सकेंगे, जिससे क्षेत्रीय उपयुक्तता के आधार पर नवीन प्रजातियों को विकसित करने में सहायता मिलेगी। इसके अतिरिक्त अन्तर्राष्ट्रीय आलू केन्द्र की स्थापना से विविधतापूर्वक आलू प्रजातियों का उत्पादन सम्भव हो सकेगा। यह केन्द्र एपीकल रूटेड कटिंग द्वारा आलू बीज उत्पादन का कार्य कई देशों में सफलतापूर्वक करा रहा है और इसका लाभ प्रदेश के आलू उत्पादकों को प्राप्त होगा।
उल्लेखनीय है कि विश्व में आलू उत्पादन में भारत का द्वितीय स्थान है। उत्तर प्रदेश देश का सर्वाधिक आलू उत्पादक राज्य है। प्रदेश में वर्ष 2023-24 के आकड़ों के अनुसार 6.96 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल में 243.60 लाख मीट्रिक टन आलू का उत्पादन हुआ, जो कि भारत में कुल उत्पादन का लगभग 35 प्रतिशत है। आलू उत्पादन का 40 प्रतिशत प्रदेश से बाहर अन्य प्रदेशों में विक्रय किया जाता है। आगरा, अलीगढ़ एवं कानपुर मण्डल प्रमुख आलू उत्पादक क्षेत्र है, जिसमें आगरा सबसे महत्वपूर्ण जनपद है, जिसमें 74 हजार हेक्टेयर में आलू का उत्पादन किया जाता है।
इस अवसर पर मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश मनोज कुमार सिंह, अपर मुख्य सचिव उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण बी0एल0 मीणा, अन्तर्राष्ट्रीय चावल अनुसंधान के निदेशक डा. सुंधाशु, अन्तर्राष्ट्रीय आलू उत्पादन केन्द्र पेरू रमन अब्रॉल, केन्द्रीय आलू अनुसंधान के निदेशक डॉ. बृजेश सिंह, आयुक्त उद्यान प्रभात कुमार, निदेशक उद्यान डॉ. विजय बहादुर द्विवेदी सहित अन्य विभागीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENT SPACE AVAILABLE

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *