समाचार सारांश टीम नेटवर्क कोलकाता। पश्चिम बंगाल में दक्षिण 24 परगना जिले के बसंती में एक नाबालिग लड़की के साथ कथित सामूहिक बलात्कार और हत्या के सिलसिले में पुलिस ने मंगलवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों की पहचान दीपेन कयाल और बुद्धदेव भट्टाचार्य के रूप में हुई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार शाम को लड़की का नग्न शव उसके घर के पास एक खेत से बरामद किया गया था। शव खेत में मिट्टी के नीचे दबा हुआ था। जिला पुलिस सूत्रों के अनुसार, नाबालिग लड़की का शव बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और इलाके के लोगों से पूछताछ की। स्थानीय लोगों से पूछताछ के दौरान गिरफ्तार किए गए दो लोगों के नाम संदिग्ध के रूप में सामने आए। पुलिस ने उनसे पूछताछ की और उनके बयानों में कई विसंगतियां मिली। इसके बाद मंगलवार सुबह उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में एक अदालत में पेश किया जाएगा। सरकारी वकील उनकी पुलिस हिरासत की मांग करेंगे। पीड़िता के परिजनों ने 12 जनवरी को गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया था। पीड़िता के माता-पिता ने दावा किया कि उनकी बेटी 9 जनवरी की दोपहर को एक स्थानीय युवक के बुलाने पर घर से बाहर गई थी। सोमवार शाम को शव बरामद होने के बाद परिवार के एक सदस्य ने कहा था, “एक स्थानीय युवक के बुलाने पर वह घर से बाहर गई थी, तब से ही लापता थी। हमें संदेह है कि पहले उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया गया और फिर उसके शव को दफना दिया गया। हम मांग करते हैं कि दोषियों का पता लगाया जाए और उन्हें कड़ी सजा दी जाए।”

ADVERTISEMENT

Promote Your Business Here

ADVERTISEMENT SPACE AVAILABLE

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *