दुग्ध उत्पादकों के लिए बड़ा फैसला: फरवरी से तीन रुपये महंगा होगा दूध, 295.52 करोड़ का बजट पास

77वें वार्षिक अधिवेशन में 34 हजार पशुपालक परिवारों के हितों पर मंथन, उत्कृष्ट उत्पादकों और कर्मचारियों को 6.50 लाख रुपये से अधिक के पुरस्कार
हल्द्वानी। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के 77वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन में पशुपालकों की आमदनी बढ़ाने और दुग्ध व्यवसाय को मजबूत बनाने को लेकर कई अहम फैसले लिए गए। अधिवेशन में 295 करोड़ 52 लाख रुपये का बजट पारित किया गया। सबसे महत्वपूर्ण घोषणा फरवरी माह से दुग्ध उत्पादकों को मिलने वाले दूध के खरीद मूल्य में तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की रही। इस फैसले से संघ से जुड़े करीब 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
शनिवार को हल्द्वानी के पीलीकोठी स्थित संकल्प बैंक्वेट हॉल में आयोजित अधिवेशन का शुभारंभ नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने की। अधिवेशन में जिले की 710 दुग्ध समितियों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग कर दुग्ध व्यवसाय से जुड़े मुद्दों और उत्पादकों के हितों पर चर्चा की।
अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि दुग्ध संघ का मूल उद्देश्य पशुपालकों को उनके दूध का बेहतर मूल्य दिलाने के साथ ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है। दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा के दिशा-निर्देशों का उल्लेख करते हुए उन्होंने फरवरी से दूध खरीद मूल्य में तीन रुपये प्रति लीटर की वृद्धि करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि संघ से जुड़े हजारों परिवारों की आजीविका दुग्ध व्यवसाय पर निर्भर है। ऐसे में उत्पादकों का आर्थिक हित और संस्था के प्रति उनका विश्वास बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उत्कृष्ट पशुपालकों को मिले नकद पुरस्कार
अधिवेशन के दौरान दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले पशुपालकों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार समारोह आयोजित किया गया। मैदानी क्षेत्र महिला वर्ग में प्रभपाल सिंह को 31 हजार रुपये का प्रथम पुरस्कार दिया गया। हिमानी बिष्ट को 25 हजार, पुष्पा बिष्ट को 21 हजार और दीपा बिष्ट को 17 हजार रुपये प्रदान किए गए। पर्वतीय क्षेत्र महिला वर्ग में कमला देवी को 25 हजार, गंगा देवी को 21 हजार और पुष्पा जोशी को 17 हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया।
पुरुष वर्ग के मैदानी क्षेत्र में कृपाल सिंह को 25 हजार, जगपाल सिंह को 21 हजार और स्नेहपाल सिंह को 17 हजार रुपये का पुरस्कार मिला। पर्वतीय क्षेत्र में चिंतामणि को 25 हजार, श्याम नारायण को 21 हजार और कृपाल सिंह को 17 हजार रुपये प्रदान किए गए।
इसके अलावा आठ विकासखंडों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दुग्ध उत्पादकों को भी सम्मानित किया गया। बिंदुखत्ता क्षेत्र के नौ पुरुष और नौ महिला दुग्ध उत्पादकों सहित कुल 31 उत्पादकों को 3 लाख 74 हजार 850 रुपये के चेक वितरित किए गए। वहीं मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों के दस सचिवों तथा 15 दुग्ध विक्रेताओं को 2 लाख 76 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। संघ के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अनुभागाध्यक्षों और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। इस प्रकार पुरस्कार वितरण पर कुल 6 लाख 50 हजार 850 रुपये की राशि खर्च की गई।
शहर में खुलेगा आंचल मिल्क पार्लर
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने दुग्ध संघ की गतिविधियों और सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादकों को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने में सहकारी संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। वहीं महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में जल्द ही आंचल मिल्क पार्लर खोलने का आश्वासन दिया। इससे शहरवासियों को आंचल के गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पाद आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे।
कार्यक्रम में कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, राज्यमंत्री रेनू अधिकारी, राज्यमंत्री मोहन पाठक, पूर्व विधायक नवीन दुमका, प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, दुग्ध विकास विभाग के निबंधक एवं निदेशक बीएस चलाल, उपनिदेशक संजय उपाध्याय, देहरादून दुग्ध संघ अध्यक्ष ठाकुर भूमि सिंह, यूसीडीएफ के सामान्य प्रबंधक आरएम तिवारी, उप सामान्य प्रबंधक पीएंडआई पीएस नागपाल, प्रबंधक पीएस नगरकोटी सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन प्रशासन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने किया। इस दौरान प्रशासनिक कार्यों में उनके योगदान की सराहना करते हुए उन्हें भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, कृष्ण कुमार शर्मा, आनंद सिंह नेगी, पुष्पा देवी, खष्टी देवी, दीपा देवी, हेमा देवी, दीपा देवी रैक्वाल और थान सिंह बिष्ट सहित दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, पीएंडआई प्रभारी सुभाष बाबू, सुरेश चंद्र, खलील अहमद सहित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
