फेसबुक पर कुर्ती का विज्ञापन देकर महिला से 13 लाख की ठगी, जयपुर से साइबर ठग गिरफ्तार
रिफंड का झांसा देकर हड़पी रकम, टिहरी पुलिस ने दो मोबाइल फोन किए बरामद

टिहरी गढ़वाल। सोशल मीडिया पर ऑनलाइन खरीदारी के आकर्षक विज्ञापन देखकर सावधान रहें। फेसबुक पर कुर्ती का विज्ञापन डालकर ऑनलाइन खरीदारी के नाम पर एक महिला से 13 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले आरोपी को टिहरी पुलिस ने राजस्थान के जयपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, जनपद के चम्बा थाना क्षेत्र निवासी उषा देवी ने 3 अक्टूबर 2026 को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि अज्ञात साइबर ठगों ने ऑनलाइन धोखाधड़ी कर उनसे कुल 13 लाख रुपये हड़प लिए हैं। शिकायत के आधार पर थाना चम्बा में मुकदमा संख्या 38/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के निर्देश पर विवेचना साइबर पुलिस को सौंपी गई। साइबर टीम ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, डिजिटल लेन-देन और तकनीकी तथ्यों का विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि आरोपी ने फेसबुक पर कुर्ती का विज्ञापन डालकर महिला को ऑनलाइन खरीदारी के लिए आकर्षित किया। इसके बाद व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क कर कुर्ती उपलब्ध कराने और ठगी गई रकम वापस करने का झांसा दिया। इसी बहाने अलग-अलग तरीके से महिला से 13 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली।
तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की पहचान गुलशन मीना निवासी बरवा वस्सी, जयपुर (राजस्थान) के रूप में हुई। इसके बाद 25 नवंबर को टिहरी पुलिस की साइबर टीम ने जयपुर में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। मामले में पुलिस की अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
साइबर ठगी से बचने की अपील
टिहरी पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर दिखने वाले आकर्षक विज्ञापनों के झांसे में आकर खरीदारी न करने की अपील की है। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।