SDRF को नई पहचान दिलाने वाले अर्पण यदुवंशी अब संभालेंगे नैनीताल की कमान
ISO सर्टिफिकेशन से राष्ट्रीय स्तर पर बनाई पहचान, उत्तरकाशी में भी निभा चुके हैं एसपी की जिम्मेदारी

देहरादून। उत्तराखंड के पुलिस महकमे में हुए बड़े फेरबदल के बीच नैनीताल जिले को नया पुलिस कप्तान मिल गया है। एसडीआरएफ को देश की पहली ISO प्रमाणित आपदा प्रतिवादन बल बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी अर्पण यदुवंशी अब नैनीताल जिले की कानून व्यवस्था की कमान संभालेंगे। शासन की ओर से बुधवार को जारी स्थानांतरण आदेश में उन्हें नैनीताल का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नियुक्त किया गया है।

अर्पण यदुवंशी की पहचान एक ऐसे पुलिस अधिकारी के रूप में रही है, जिन्होंने आपदा प्रबंधन और पुलिस व्यवस्था को आधुनिक तकनीक एवं बेहतर कार्यप्रणाली से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया। एसडीआरएफ के सेनानायक रहते हुए उन्होंने बल की कार्यक्षमता बढ़ाने, प्रशिक्षण व्यवस्था को मजबूत करने, आधुनिक उपकरणों के इस्तेमाल और बचाव अभियानों को अधिक व्यवस्थित बनाने की दिशा में काम किया।

उनके कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों में उत्तराखंड एसडीआरएफ को ISO 9001:2015 गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली का प्रमाणन दिलाना शामिल है। इस उपलब्धि के साथ उत्तराखंड एसडीआरएफ देश की पहली ऐसी आपदा प्रतिवादन बल बनी, जिसे यह अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन मिला। इससे बल की कार्यप्रणाली, जवाबदेही, रिकॉर्ड प्रबंधन और राहत-बचाव अभियानों के संचालन को नई पहचान मिली।

इससे पहले अर्पण यदुवंशी उत्तरकाशी जिले में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। पर्वतीय परिस्थितियों और आपदा की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में काम करने का उनका अनुभव नैनीताल जैसे पर्यटन एवं भौगोलिक दृष्टि से महत्वपूर्ण जिले में उपयोगी साबित हो सकता है।

नैनीताल में नई जिम्मेदारी के साथ उनके सामने कानून व्यवस्था को मजबूत रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और पर्यटन सीजन के दौरान पर्यटकों एवं स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की चुनौती होगी।
गौरतलब है कि शासन के इस फेरबदल में वर्तमान नैनीताल एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी को 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर का सेनानायक बनाया गया है। वहीं ऊधमसिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति को एसडीआरएफ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राज्य में कई अन्य वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है।