
मारुति इंटरनेशनल स्कूल में सजी भव्य डांडिया नाइट, फ्यूजन डांस क्लब ने जीता चैंपियन का खिताब
गीता धामी बनीं डांडिया क्वीन, रंग-बिरंगी रोशनी और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
शांतिपुरी। जवाहर नगर स्थित मारुति इंटरनेशनल स्कूल में शरद पूर्णिमा की पर भव्य डांडिया नाइट शो का आयोजन किया गया। उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने अपनी शानदार नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रंग-बिरंगी रोशनी, आकर्षक सजावट, पारंपरिक परिधान और डांडिया की मधुर धुनों ने पूरे परिसर को उत्सवमय बना दिया। देर रात तक चले इस आयोजन में लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की और सांस्कृतिक कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कांग्रेस प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व दर्जाधारी डॉ. गणेश उपाध्याय, पूर्व जिला पंचायत सदस्य डॉ. लता उपाध्याय, जिला पंचायत सदस्य प्रेम आर्य तथा स्थानीय ग्राम प्रधानों ने संयुक्त रूप से किया। अतिथियों ने दीप प्रज्वलन एवं कार्यक्रम की शुरुआत के साथ प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में
डांडिया ग्रुप डांस प्रतियोगिता में फ्यूजन डांस क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन का खिताब जीता। गीता धामी को उनके आकर्षक अंदाज और उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए डांडिया क्वीन चुना गया। कार्यक्रम में डांडिया क्वीन, डांडिया कपल, बाल डांडिया क्वीन और ग्रुप डांडिया सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. गणेश उपाध्याय ने विद्यालय प्रबंधन को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि भारत की सांस्कृतिक विविधता उसकी सबसे बड़ी विशेषताओं में से एक है। विभिन्न परंपराओं और त्योहारों को मनाते हुए एक-दूसरे की संस्कृति का सम्मान करना भारतीय समाज की खूबसूरती है। ऐसे आयोजन न केवल हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने और आपसी सद्भाव को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विद्यालय के निदेशक सुमित सांगुड़ी और प्रधानाचार्या अंकिता सांगुड़ी ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे मंच प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं तथा उनमें आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सामूहिक सहभागिता की भावना विकसित करते हैं।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान दीपा कांडपाल, शांतिपुरी नंबर दो की ग्राम प्रधान कविता तिवारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य पूर्णिमा दानू सहित कई गणमान्य लोग एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। डांडिया नाइट ने सांस्कृतिक उल्लास, पारंपरिक विरासत और आपसी मेल-मिलाप का सुंदर संदेश दिया।