
महिला की हत्या कर शव फेंका, बैग में मिले चार युवकों के नाम; दो निकाह की बात आई सामने
चेहरे पर चोट और गला दबाने के निशान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार; बहन की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज
लखनऊ। दुबग्गा कोतवाली क्षेत्र में किसान पथ के नीचे एक युवती का शव मिलने के मामले में पुलिस हत्या के एंगल से जांच कर रही है। मृतका की पहचान उन्नाव जिले के सफीपुर निवासी कमरुद्दीन की बेटी आशिया उर्फ नरगिस उर्फ टीना (25) के रूप में हुई है। उसके चेहरे पर चोट और गला दबाने के निशान मिलने की बात सामने आई है। मृतका की बहन की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस को घटनास्थल के पास मिले बैग से आधार कार्ड, पैन कार्ड और एक कागज बरामद हुआ है। कागज पर चार युवकों के नाम और चार अंकों का एक नंबर लिखा मिला है। पुलिस ने फिलहाल इन नामों का खुलासा नहीं किया है। इनका घटना से क्या संबंध है, इसकी जांच की जा रही है।
सात साल पहले किया था प्रेम विवाह
परिजनों के मुताबिक, आशिया ने करीब सात साल पहले गांव के एक युवक के साथ प्रेम विवाह किया था और उसके साथ दिल्ली में रहने लगी थी। इस शादी से उसकी चार वर्षीय बेटी उरूज फातिमा है। करीब दो साल बाद वह बेटी के साथ मायके लौट आई थी। इसके बाद परिवार ने उसका दूसरा निकाह उन्नाव के नवाबगंज क्षेत्र के रुपऊ गोड़वा गांव निवासी नासिर उर्फ अउवा से करा दिया।
परिजनों का कहना है कि आशिया दूसरे निकाह के बाद केवल पहली रात ही ससुराल में रही और अगले दिन मायके लौट आई। इसके बाद वह दोबारा ससुराल नहीं गई। पति के कई बार बुलाने आने के बावजूद वह वापस नहीं लौटी। बाद में पिता ने उसे घर से निकाल दिया, जिसके बाद वह बेटी को लेकर सफीपुर में किराये के मकान में रहने लगी। वह कभी-कभी नवाबगंज में रहने वाली अपनी बहन नसरीन के घर भी जाती थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
एसीपी काकोरी शकील अहमद के मुताबिक, मृतका बुर्का पहने हुई थी। शव फेंकने के तरीके को देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने का इंतजार है। दुबग्गा कोतवाली के इंस्पेक्टर श्रीकांत राय के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
पुलिस मृतका की पारिवारिक परिस्थितियों, बैग में मिले कागज और उस पर लिखे नामों सहित विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल हत्या के कारण और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट नहीं हो सकी है।