
पुराने विवाद में नाबालिग पर ईंट से हमला, मुखानी पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा
मुख्य आरोपी विधि विवादित किशोर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया, दूसरे आरोपी की निशानदेही पर हमले में प्रयुक्त ईंट बरामद
हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र के धानमिल इलाके में पुराने विवाद को लेकर एक नाबालिग पर पत्थर और ईंट से हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी विधि विवादित किशोर को अभिरक्षा में लेकर बाल संप्रेषण गृह भेज दिया है, जबकि दूसरे आरोपी आयुष बालियान (19) को हिरासत में लिया गया है। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ईंट भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, साउथ एनक्लेव फेज-2, हल्द्वानी निवासी ललित बिष्ट ने 15 अक्टूबर को मुखानी थाने में तहरीर देकर बताया कि 14 अक्टूबर को धानमिल क्षेत्र में प्रतिबिम्ब जिम के पास पुराने विवाद के चलते कुछ युवकों ने उनके नाबालिग पुत्र के साथ मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से पत्थर और ईंटों से हमला किया, जिससे उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी के पर्यवेक्षण और मुखानी के प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी के नेतृत्व में टीम गठित की गई।