Advertisement

समाचार सारांश टीम नेटवर्क पौड़ी गढवाल

मुख्यमंत्री एवं पशुपालन मंत्री के मार्गदर्शन में पशुपालन से स्वरोजगार को बढ़ावा, थलीसैंण के दीवान सिंह प्रतिमाह कमा रहे 70 हजार रुपये

5 हजार पैरेंट स्टॉक की कुक्कुट इकाई के लिए 1.40 करोड़ रुपये स्वीकृत, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में जुटे युवा

सूचना/पौड़ी/14 अक्टूबर 2026:
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं पशुपालन मंत्री सौरभ बहुगुणा के मार्गदर्शन में प्रदेश में पशुपालन आधारित स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड थलीसैंण के ग्राम बंगाली निवासी 31 वर्षीय दीवान सिंह कुक्कुट पालन को आजीविका का माध्यम बनाकर आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहे हैं।

दीवान सिंह ने कुक्कुट पालन के क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए अपनी इकाई को बड़े स्तर पर विकसित करने की पहल की है। वर्ष 2020 से इस व्यवसाय से जुड़े दीवान सिंह वर्तमान में प्रतिमाह लगभग 70 हजार रुपये की आय अर्जित कर रहे हैं। पशुपालन विभाग की योजनाओं से उन्हें अपने व्यवसाय को विस्तार देने में मदद मिल रही है।

उनके व्यवसाय के विस्तार के लिए उत्तराखंड पशुपालन विभाग की कुक्कुट पालन योजना के अंतर्गत 5 हजार पैरेंट स्टॉक की इकाई स्थापित करने हेतु शासन से 1.40 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस इकाई की स्थापना से उन्हें कुक्कुट पालन को बड़े स्तर पर विकसित करने का अवसर मिलेगा।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा ने कहा कि जनपद में पशुपालकों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने और स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पशुपालन एवं कुक्कुट पालन ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार सृजन और आय बढ़ाने के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। विभाग का प्रयास है कि पात्र पशुपालकों को योजनाओं का लाभ दिलाकर उनकी आजीविका को मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि दीवान सिंह जैसे युवाओं की पहल अन्य लोगों को भी पशुपालन आधारित व्यवसाय अपनाने के लिए प्रेरित कर सकती है।

दीवान सिंह की सफलता दर्शाती है कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर ग्रामीण युवा अपने क्षेत्र में ही स्वरोजगार के अवसर विकसित कर सकते हैं। कुक्कुट पालन जैसे व्यवसाय न केवल व्यक्तिगत आर्थिक आत्मनिर्भरता का माध्यम बन रहे हैं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने में भी योगदान दे रहे हैं।

Advertisemesnt

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *