जंगली जानवर को बचाने के प्रयास में 40 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, तीनों सवार सुरक्षित

Advertisement

दुबड़ी गांव के पास आधी रात को हुआ हादसा, पहाड़ी से नीचे खेतों में जा गिरी कार; सुबह मौके पर पहुंची पुलिस ने जुटाई जानकारी

टिहरी गढ़वाल। जनपद टिहरी गढ़वाल के कुमाल्ड़ा चौकी क्षेत्र में दुबड़ी गांव के पास एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। धनोल्टी घूमने जा रहे तीन दोस्तों की कार देर रात अचानक सड़क पर जंगली जानवर के सामने आ जाने से अनियंत्रित होकर करीब 35 से 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। कार पहाड़ी से नीचे खेतों में पहुंच गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि कार में सवार तीनों लोग सुरक्षित बच गए और किसी को चोट नहीं आई।

पुलिस कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, 12 अक्टूबर की सुबह करीब 9:15 बजे कुमाल्ड़ा चौकी पुलिस को दुबड़ी गांव के पास एक कार के खाई में गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के संबंध में जानकारी जुटाई। वहां कार चालक राहुल मिश्रा और उनके साथी विक्रान्त सिंह मिले। पूछताछ के दौरान तीनों कार सवारों के सुरक्षित होने की पुष्टि हुई।

रायपुर से धनोल्टी घूमने निकले थे तीनों दोस्त

कार चालक राहुल मिश्रा ने पुलिस को बताया कि वह बेंगलुरु स्थित सिस्को कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। वह कंपनी के काम से दिल्ली से देहरादून आए थे। 11 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे वह अपने दो दोस्तों के साथ कार संख्या HR38AM 9175 से रायपुर से धनोल्टी घूमने के लिए निकले थे।

चालक के अनुसार, रास्ते की स्थिति ठीक नहीं होने के कारण तीनों ने बीच रास्ते से ही देहरादून लौटने का फैसला किया। इसी दौरान रात करीब 12:30 बजे दुबड़ी गांव के पास अचानक एक जंगली जानवर सड़क पर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। कार पहाड़ी से नीचे खेतों तक पहुंच गई।

हादसे के बाद कैब से लौटे देहरादून

हादसे के बाद रात में ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए थे। कार सवारों ने अपना सामान निकाला और कैब बुक कर देहरादून चले गए। सोमवार सुबह तीनों दोबारा घटनास्थल पर पहुंचे, जहां पुलिस टीम ने उनसे दुर्घटना के बारे में जानकारी ली।

पुलिस के अनुसार, हादसे में कार काफी क्षतिग्रस्त हो गई है। चालक ने बताया कि कार दिल्ली से बुक की गई थी। दुर्घटना के संबंध में कार स्वामी को भी सूचना दे दी गई है।

कार में राहुल मिश्रा (27), विक्रान्त सिंह (27) और सुब्बीर (33) सवार थे। राहुल मिश्रा सिस्को कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं, जबकि विक्रान्त सिंह और सुब्बीर देहरादून में डीआरडीओ में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत बताए गए हैं।

गहरी खाई में कार गिरने के बावजूद तीनों के सुरक्षित बचने से बड़ा हादसा टल गया। टिहरी पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना से जुड़ी आवश्यक जानकारी एकत्र की।

Advertisemesnt

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *