देहरादून में महिला स्मैक तस्करी के आरोप में गिरफ्तार, चार लाख की स्मैक बरामद

नेहरू कॉलोनी पुलिस ने मोथरोवाला की सपेरा बस्ती पुल के पास की कार्रवाई, एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
देहरादून। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देहरादून पुलिस ने एक महिला को 12.78 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये है। आरोपी महिला के खिलाफ थाना नेहरू कॉलोनी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार, 12 अक्टूबर को थाना नेहरू कॉलोनी की पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इस दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मोथरोवाला स्थित सपेरा बस्ती पुल के पास एक महिला को पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 12.78 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान बुलबुल (28 वर्ष), पत्नी रोहित, निवासी सपेरा बस्ती, मोथरोवाला, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून के रूप में हुई है।
पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई करने वाली टीम में चौकी बायपास प्रभारी उपनिरीक्षक विनय मोहन द्विवेदी, कांस्टेबल हितेश, महिला कांस्टेबल रजनी तथा कांस्टेबल बृजमोहन कनवासी शामिल रहे।