
.
हल्द्वानी के मंदिर में मिली छह माह की बच्ची, परिजनों की तलाश में जुटी पुलिस
हल्द्वानी। बरेली रोड स्थित अंबेडकर नगर के एक मंदिर में छह माह की बच्ची मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बच्ची को मंदिर में छोड़कर जाने वाले व्यक्ति की पहचान के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही पिछले छह माह के दौरान क्षेत्र में हुए प्रसव से संबंधित जानकारी भी जुटाई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मंदिर में बच्ची के मौजूद होने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद बाल कल्याण समिति को मामले से अवगत कराया गया। समिति के निर्देश पर बच्ची को विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरण में रखवाया गया है, जहां उसकी देखभाल की जा रही है।
हल्द्वानी कोतवाली के प्रभारी विजय मेहता ने बताया कि पुलिस मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है, ताकि बच्ची को वहां छोड़ने वाले व्यक्ति का पता लगाया जा सके। इसके साथ ही बच्ची के परिजनों तक पहुंचने के लिए आवश्यक जानकारियां जुटाई जा रही हैं।
पुलिस का कहना है कि बच्ची को मंदिर में छोड़ने वाले व्यक्ति की पहचान होने पर उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।