देहरादून। फर्जी ट्रेडिंग क्लासेज और खुद को सेबी पंजीकृत सलाहकार बताकर 55.50 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में उत्तराखंड एसटीएफ ने पंजाब से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के बैंक खाते में ठगी की रकम में से छह लाख रुपये जमा हुए थे। जांच में उसके खाते के विरुद्ध साइबर अपराध की छह अन्य शिकायतें भी सामने आई हैं।
पुलिस के अनुसार पंडितवाड़ी, देहरादून निवासी चुन्नी लाल अग्निहोत्री को साइबर ठगों ने “SBSBL Community/VIP Community” नामक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा था। आरोपियों ने खुद को सेबी पंजीकृत सलाहकार बताते हुए फर्जी ट्रेडिंग क्लासेज, डीमैट अकाउंट तथा नकली सीडीएसएल/एनएसडीएल दस्तावेज दिखाकर शिकायतकर्ता को विश्वास में लिया। इसके बाद विभिन्न बैंक खातों में कुल 55.50 लाख रुपये जमा कराए गए।
मामले में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में मुकदमा दर्ज कर जांच निरीक्षक अनिल कुमार को सौंपी गई। मनी ट्रेल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सुखवीर सिंह उर्फ सूक्कू (26), निवासी फाजिल्का, पंजाब की संलिप्तता सामने आई। एसटीएफ टीम ने पंजाब में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया।
एसटीएफ ने लोगों से निवेश के नाम पर अधिक लाभ का लालच देने वाले संदिग्ध ऑफर से सावधान रहने और साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करने की अपील की है।
