समस्तीपुर। जमुई की हालिया घटना के बाद एक बार फिर बिहार में नाबालिग बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। समस्तीपुर जिले से एक नाबालिग लड़की के साथ बदसलूकी और अभद्रता का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह घटना 23 सितंबर की बताई जा रही है। वीडियो सामने आते ही समस्तीपुर पुलिस पूरी तरह हरकत में आ गई है। एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।
बांध पर बात कर रहे थे नाबालिग, मनचलों ने घेरा
यह शर्मनाक मामला समस्तीपुर जिले के कर्पूरी ग्राम थाना क्षेत्र अंतर्गत जगतसिंहपुर गांव के पास स्थित बांध का है। जानकारी के मुताबिक, एक नाबालिग लड़का और लड़की मोटरसाइकिल से बांध पर पहुंचे थे और आपस में बातचीत कर रहे थे। उसी दौरान स्थानीय मनचले युवकों के एक समूह ने दोनों को घेर लिया।
दबंगों ने पहले नाबालिग लड़के के साथ मारपीट की, जिससे डरकर वह किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकला।
लड़की के साथ अभद्रता और अभद्र भाषा का इस्तेमाल
लड़के के भाग जाने के बाद मनचलों ने बेबस नाबालिग लड़की को अकेले पाकर उसके साथ दुर्व्यवहार करना शुरू कर दिया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में लड़की आरोपियों की हरकतों का लगातार विरोध करती दिख रही है, लेकिन दबंग उसकी एक न सुने।
आरोप है कि युवकों ने लड़की से बार-बार उसका घर-पता पूछा। जब लड़की ने साथ आए लड़के को अपना भाई बताया, तब भी आरोपियों ने उसकी बात नहीं मानी और उसके साथ जमकर अभद्र भाषा व बदसलूकी की।
पुलिस एक्शन में: आरोपियों की पहचान, छापेमारी जारी
घटना के दौरान वहीं मौजूद किसी शख्स ने अपने मोबाइल से इस पूरी करतूत का वीडियो बना लिया और इंटरनेट पर अपलोड कर दिया। वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए समस्तीपुर के एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि वीडियो का संज्ञान लेते ही त्वरित जांच शुरू कर दी गई है। वायरल वीडियो के आधार पर मनचलों की पहचान कर ली गई है और स्थानीय थाने को प्राथमिकता दर्ज (FIR) करने के निर्देश दे दिए गए हैं। पुलिस की कई टीमें आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। एसपी ने आश्वस्त किया है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
