Advertisement

बाजपुर में अवैध SIM Box टेलीकॉम गेटवे का भंडाफोड़
114 सिम, 77 एंटीना समेत टेलीकॉम उपकरण बरामद; विदेशी/VoIP कॉल को भारतीय नंबर में बदलकर छिपाई जाती थी पहचान
बाजपुर। स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की साइबर कुमाऊं यूनिट ने बाजपुर क्षेत्र में संचालित अवैध SIM Box टेलीकॉम गेटवे का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार उत्तराखंड में SIM Box के माध्यम से संचालित अवैध टेलीकॉम गेटवे के खिलाफ यह पहली बड़ी कार्रवाई है। कार्रवाई के दौरान दो SIM Box, 77 एंटीना, 114 एयरटेल सिम कार्ड, इंटरनेट राउटर, मोबाइल फोन और अन्य टेलीकॉम उपकरण बरामद किए गए।
STF के अनुसार आरोपी की पहचान कादिर (24) पुत्र जाबिर अली, निवासी मिलक जुम्मावाली, ग्राम बेरखेड़ा चक, थाना भगतपुर, जनपद मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। टीम ने दूरसंचार विभाग (DoT) से मिले इनपुट और समन्वय के आधार पर बाजपुर के मुड़िया, ईदगाह के पास स्थित एक मकान में दबिश दी। यहां SIM Box के जरिए अवैध टेलीकॉम गेटवे संचालित किया जा रहा था।
विदेशी कॉल को भारतीय नंबर में बदलने का आरोप
जांच में सामने आया कि SIM Box के जरिए विदेशी और इंटरनेट आधारित (VoIP) कॉल को भारतीय मोबाइल कॉल के रूप में प्रदर्शित किया जा रहा था। इससे कॉल प्राप्त करने वाले व्यक्ति के मोबाइल पर विदेशी नंबर के बजाय भारतीय मोबाइल नंबर दिखाई देता था। पुलिस के मुताबिक इस व्यवस्था का इस्तेमाल कॉल करने वाले की वास्तविक पहचान और लोकेशन छिपाने के लिए किया जा सकता था।
STF के अनुसार अवैध गेटवे में अलग-अलग व्यक्तियों की आईडी का दुरुपयोग कर हासिल किए गए सिम कार्डों का इस्तेमाल किया जा रहा था। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी के बांग्लादेश के साइबर अपराधियों के संपर्क में होने और उनके माध्यम से आर्थिक लाभ प्राप्त करने की जानकारी सामने आई है। आरोपी ने करीब सात माह से गेटवे संचालित किए जाने की बात बताई है।
पहले भी SIM Box मामले में हो चुका है गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले भी साइबर अपराधियों के संपर्क में रहा है। वर्ष 2023 में थाना कटघर, मुरादाबाद में SIM Box के जरिए अवैध टेलीकॉम गेटवे संचालित करने के मामले में उसे गिरफ्तार किया गया था। वर्तमान में वह जमानत पर था। STF उसके साइबर नेटवर्क, विदेशी संपर्क, बैंक खातों और अन्य सहयोगियों की भूमिका की जांच कर रही है।
डिजिटल अरेस्ट जैसे अपराधों में इस्तेमाल की आशंका
STF के अनुसार SIM Box तकनीक का इस्तेमाल विदेशी अथवा VoIP कॉल को भारतीय नंबर के रूप में दिखाने, कॉलर की पहचान छिपाने, फर्जी या दूसरे लोगों के दस्तावेजों पर जारी सिम का इस्तेमाल करने तथा डिजिटल अरेस्ट और फर्जी अधिकारी बनकर ठगी जैसे साइबर अपराधों में किया जा सकता है। इसके अलावा अवैध टेलीकॉम एक्सचेंज के जरिए सरकारी राजस्व और टेलीकॉम कंपनियों को भी आर्थिक नुकसान पहुंचने की आशंका रहती है।
बरामद सामान
पुलिस ने मौके से दो 32-स्लॉट SIM Box, 77 एंटीना, 114 एयरटेल सिम कार्ड, एक एयरटेल इंटरनेट राउटर, एक Samsung A35 मोबाइल फोन, LAN/USB केबल, कनेक्टर, दो AC एडॉप्टर, दो पावर केबल, फाइबर वायर, मीडिया कन्वर्टर, एक्सटेंशन बोर्ड सहित अन्य टेलीकॉम उपकरण बरामद किए।
आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। STF फर्जी दस्तावेजों पर सिम उपलब्ध कराने वाले एजेंटों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *