गोविंद बल्लभ पंत जयंती पर बच्चों ने देखी नीम करौली महाराज पर आधारित फिल्म
लालकुआं। भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती के अवसर पर गोविंद बल्लभ पंत जयंती समिति लालकुआं की ओर से भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के उपरांत समिति की ओर से बच्चों को नीम करौली महाराज के जीवन और उनकी ख्याति पर आधारित फिल्म दिखाई गई। कार्यक्रम में होली ट्रिनिटी सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल तथा राजकीय उच्च कन्या विद्यालय के करीब 60 छात्र-छात्राओं और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सामूहिक रूप से फिल्म देखी।
आयोजकों ने बताया कि बच्चों को भारतीय संत परंपरा, आध्यात्मिक विरासत और देश की महान विभूतियों के जीवन से परिचित कराने के उद्देश्य से यह पहल की गई। फिल्म के दौरान बच्चों में खासा उत्साह दिखाई दिया।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी, भाजपा मंडल अध्यक्ष अरुण जोशी, पूर्व अध्यक्ष नारायण सिंह बिष्ट, संजीव शर्मा, धन सिंह बिष्ट, वरिष्ठ ट्रांसपोर्टर जगदीश राठौर, अभिषेक सिंह, पंकज सिंह और हेमंत नरूला सहित कई लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम संयोजक एवं भाजपा महामंत्री राजकुमार सेतिया तथा सह संयोजक बॉबी संभल ने आयोजन में सहयोग किया। इस दौरान विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं भी उपस्थित रहे।
