Advertisement

काठगोदाम रोड पर डंडे लहराकर दहशत फैलाने वालों पर पुलिस का शिकंजा, 15 युवक चिन्हित
हल्द्वानी। जन्माष्टमी की रात हल्द्वानी-काठगोदाम मार्ग पर वाहनों में सवार होकर डंडे लहराने और कथित तौर पर आम लोगों में भय का माहौल पैदा करने का वीडियो वायरल होने के बाद नैनीताल पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी ने मामले का संज्ञान लेते हुए युवकों और वीडियो में दिखाई दे रहे वाहनों की पहचान कर कार्रवाई के निर्देश दिए।


एसएसपी के निर्देश पर एएसपी/सीओ हल्द्वानी अमित सैनी के पर्यवेक्षण में काठगोदाम पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच शुरू की। प्रभारी निरीक्षक जसवीर चौहान के नेतृत्व में चौकी प्रभारी दिलीप कुमार और पुलिस टीम ने वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों एवं वाहनों की पहचान की।
पुलिस के अनुसार, मामले में कुल 15 युवकों को चिन्हित कर थाने लाया गया। इनमें आठ बालिग और सात नाबालिग शामिल हैं। आठ बालिग युवकों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला गया। साथ ही वीडियो में प्रयुक्त वाहनों को सीज कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि सात नाबालिगों के परिजनों को भी थाने बुलाकर काउंसलिंग की जा रही है। उनके परिजनों के विरुद्ध भी पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जुर्माना जमा कराया गया है। सभी युवकों और उनके परिजनों को भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न करने की सख्त हिदायत दी गई है।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता फैलाने, लोगों में भय का माहौल पैदा करने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में पुलिस तत्काल संज्ञान लेकर नियमानुसार सख्त कार्रवाई करेगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *