Advertisement

उत्तराखंड में सड़क हादसे कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं शुक्रवार को
रुद्रप्रयाग जिले में रक्षाबंधन के दिन एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भारत सेवाश्रम-ऊखीमठ मोटर मार्ग पर हुए हादसे में जिला पंचायत सदस्य के पति की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर डॉ. कैलाश पुष्पाण स्कूटी से भारत सेवाश्रम-ऊखीमठ मोटर मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही टाटा सूमो ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में डॉ. पुष्पाण गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

हादसे के बाद उन्हें उपचार के लिए गुप्तकाशी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान पंचकेदार होटल/होम स्टे एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. कैलाश पुष्पाण के रूप में हुई है। वह जिला पंचायत सदस्य परकंडी प्रीति पुष्पाण के पति थे। उनके निधन की खबर से परिवार में कोहराम मच गया, जबकि ऊखीमठ क्षेत्र में मातम पसर गया।

बताया जा रहा है कि हादसे के बाद सूमो चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे की वास्तविक वजह और चालक की भूमिका जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी। वहीं, डॉ. पुष्पाण के आकस्मिक निधन पर स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रवासियों ने शोक जताया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *