Advertisement

जयपुर खीमा में तेंदुए की दस्तक से दहशत, ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग की

लालकुआं। पहाड़ों के बाद अब भावर क्षेत्र में भी मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं ग्रामीणों की चिंता बढ़ा रही हैं। मोटाहल्दू के ग्राम पंचायत जयपुर खीमा में पिछले कई दिनों से आबादी के बीच तेंदुए की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। शाम ढलते ही लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं और अभिभावक बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, 25 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे पंकज कबडाल के घर के पास तेंदुआ दिखाई दिया। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी तेंदुए की गतिविधियां कैद हुई हैं। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज व पगचिह्नों की जांच की। तेंदुए की निगरानी के लिए क्षेत्र में कैमरे भी लगाए गए हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि आबादी के आसपास लगातार तेंदुए की मौजूदगी गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने वन विभाग से कैमरा ट्रैप बढ़ाने, नियमित गश्त और प्रशिक्षित वनकर्मियों की तैनाती की मांग की है। जरूरत पड़ने पर नियमानुसार पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने की कार्रवाई करने की भी मांग उठाई गई।

इस संबंध में विनीत कबडाल समेत ग्रामीणों ने वन क्षेत्राधिकारी उमेश चंद्र आर्य को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने कहा कि कार्रवाई किसी अप्रिय घटना के बाद नहीं, बल्कि उससे पहले होनी चाहिए।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *