शिवलोक कॉलोनी लूटकांड का खुलासा, तीन शातिर लुटेरे गिरफ्तार
हरिद्वार में ज्वेलर्स का पीछा कर बैग लूटने वाले तीन आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े, चांदी के सिक्के-मूर्ति, एप्पल आईफोन और वारदात में प्रयुक्त कैंची व बाइक बरामद
हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र की शिवलोक कॉलोनी में ज्वेलर्स से हुई लूट का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर लूटे गए चांदी के सिक्के, मूर्ति, पेंडल, एप्पल आईफोन, दस्तावेज, बैग समेत वारदात में प्रयुक्त कैंची और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त की रात शिवलोक कॉलोनी के पास तीन बदमाशों ने स्प्लेंडर बाइक से प्रदीप कुमार शर्मा का पीछा किया और मौका पाकर उनका बैग लूट लिया था। बैग में करीब 100 ग्राम चांदी के आभूषण, दुकान की चाबियां, एप्पल आईफोन, बीएचईएल मेडिकल कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज थे। मामले में रानीपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के बाद एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर रानीपुर पुलिस और सीआईयू की टीम ने घटनास्थल व आसपास के क्षेत्रों के डिजिटल साक्ष्य खंगालते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। 25 अगस्त को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बीएचईएल के मटेरियल गेट के पास संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर उसमें सवार तीन युवकों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रितिक उर्फ टोपो (22), निवासी खंजरपुर, मोदीनगर, गाजियाबाद; सौरभ (19), निवासी टांडा साहूवाला, बढ़ापुर, बिजनौर और राजीव सैनी उर्फ सागर (21), निवासी चांदपुर, पथरी, हरिद्वार के रूप में हुई है।
ज्वेलर्स को कई दिन से कर रहे थे ट्रैक
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि कांवड़ मेले के दौरान उन्होंने बैरागी कैंप में दुकान लगाई थी। इसी दौरान कनखल में सुनार की दुकान के आसपास आने-जाने के दौरान उन्होंने ज्वेलर्स की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी। 11 अगस्त को भी उन्होंने उसका पीछा किया, लेकिन वारदात को अंजाम नहीं दे सके।
इसके बाद 21 अगस्त को तीनों ने फिर ज्वेलर्स का पीछा किया और शिवलोक कॉलोनी के पास मौका मिलते ही कैंची से बैग का पट्टा काट दिया। पीड़ित ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ छीना-झपटी की और कैंची से हमला करते हुए जान से मारने की धमकी दी। वारदात के बाद आरोपी लूट का सामान लेकर जगजीतपुर स्थित रितिक के कमरे में चले गए।
कमरे से बरामद हुआ लूट का सामान
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने रितिक के कमरे की तलाशी ली, जहां से लूटा गया सामान बरामद हुआ। पुलिस ने पांच सफेद धातु के सिक्के, सफेद धातु की गाय की मूर्ति, पेंडल, एप्पल मोबाइल फोन, पीड़ित के आधार कार्ड की छायाप्रति, बीएचईएल मेडिकल हेल्थ कार्ड/बुकलेट व अन्य दस्तावेज, नीले रंग का बैग, वारदात में प्रयुक्त कैंची और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की।
बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) और आपराधिक षड्यंत्र के संबंध में धारा 3(5) की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस के मुताबिक मामले में अन्य पहलुओं की जांच जारी है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को 26 अगस्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
रितिक का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
पुलिस के अनुसार रितिक उर्फ टोपो के खिलाफ पूर्व में भी शस्त्र अधिनियम और अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान लूटकांड में रितिक, सौरभ और राजीव सैनी के खिलाफ रानीपुर कोतवाली में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
