उत्तराखंड से चलने वाली ट्रेनों पर असर, तीन फेरे रद्द; एक ट्रेन बदले मार्ग से चलेगी
मुरादाबाद। अगासोद (AGD) स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग कार्य के चलते उत्तराखंड से संचालित कुछ ट्रेनों के परिचालन में अस्थायी बदलाव किया गया है। झांसी मंडल के बीना-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलखंड में अगासोद-बीना के बीच तीसरी रेल लाइन के लिए नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किया जा रहा है। इसके चलते निर्धारित तिथियों पर कुछ ट्रेनों के फेरे निरस्त रहेंगे, जबकि एक ट्रेन को परिवर्तित मार्ग से संचालित किया जाएगा।
लालकुआं-संबलपुर Bengaluru ट्रेन के तीन फेरे रद्द
रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार, गाड़ी संख्या 05073 (SBC-LKU) साप्ताहिक ट्रेन के 29 सितंबर, 6 अक्टूबर और 13 अक्टूबर 2026 के कुल तीन फेरे निरस्त रहेंगे। यह ट्रेन कर्नाटक के एसएमवीटी बेंगलुरु (SBC) से लालकुआं (LKU) आती है।
इसी तरह गाड़ी संख्या 05074 (LKU-SBC) के 26 सितंबर, 3 अक्टूबर और 10 अक्टूबर 2026 के कुल तीन फेरे भी निरस्त किए गए हैं। यह ट्रेन लालकुआं से एसएमवीटी बेंगलुरु के लिए संचालित होती है।
पुरी-योगनगरी ऋषिकेश ट्रेन बदले मार्ग से चलेगी
उत्तराखंड से जुड़ी गाड़ी संख्या 18477 पुरी-योगनगरी ऋषिकेश का परिचालन भी प्रभावित होगा। रेलवे के अनुसार 7 अक्टूबर 2026 को यह ट्रेन अपने निर्धारित KMZ-AGD-VGL मार्ग के बजाय KTM-OHAN-VGLJ परिवर्तित मार्ग से संचालित की जाएगी।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले संबंधित ट्रेन के परिचालन की स्थिति की जानकारी अधिकृत रेलवे सूचना प्रणाली या हेल्पलाइन से प्राप्त कर लें। यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशनों पर उद्घोषणा, सूचना प्रदर्शन और एसएमएस के माध्यम से भी जानकारी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
