हरिद्वार कांवड़ मेले में SDRF की सतर्कता, गंगा में डूब रहे तीन कांवड़ियों को सुरक्षित बचाया
हरिद्वार, 5 अगस्त। कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा में तैनात उत्तराखंड एसडीआरएफ ने एक बार फिर अपनी तत्परता और साहस का परिचय देते हुए गंगा के तेज बहाव में फंसे तीन कांवड़ यात्रियों की जान बचा ली। कांगड़ा घाट पर अलग-अलग समय पर हुई तीन घटनाओं में एसडीआरएफ की टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर तीनों श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, स्नान के दौरान तीनों श्रद्धालु गंगा के तेज बहाव की चपेट में आकर डूबने लगे। घाट पर पहले से तैनात एसडीआरएफ जवानों ने बिना समय गंवाए नदी में छलांग लगाई और कुशल रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण के बाद तीनों की हालत सामान्य पाई गई।
बचाए गए श्रद्धालुओं में हरियाणा के पानीपत निवासी 27 वर्षीय सचिन तथा उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के ननहेड़ा गांव निवासी 16 वर्षीय मनीष और 20 वर्षीय विशाल शामिल हैं।
कांवड़ मेले के दौरान एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई और सतर्क निगरानी से एक बड़ा हादसा टल गया। श्रद्धालुओं ने अपनी जान बचाने के लिए एसडीआरएफ टीम का आभार व्यक्त किया।
