Advertisement

उत्तराखंड में 28 से 30 जुलाई तक ऑरेंज अलर्ट, भारी से बहुत भारी बारिश का खतरा; राज्य सरकार ने जारी की एडवाइजरी
देहरादून, 28 जुलाई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा उत्तराखंड में 28 से 30 जुलाई तक कई जनपदों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। लगातार भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली और तेज बारिश के दौर की संभावना को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी जिलाधिकारियों एवं संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। आम नागरिकों से भी अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की गई है।
28 जुलाई को उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, हरिद्वार, पौड़ी, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गर्जन, आकाशीय बिजली और अत्यंत तीव्र वर्षा की संभावना जताई गई है। वहीं शेष जिलों में भी भारी बारिश और तेज वर्षा के दौर की आशंका है।
29 जुलाई को देहरादून, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, ऊधम सिंह नगर, चम्पावत और टिहरी में भारी से बहुत भारी वर्षा का पूर्वानुमान है। इन क्षेत्रों में बिजली चमकने और अत्यधिक तीव्र वर्षा होने की भी संभावना है।
30 जुलाई को बागेश्वर, नैनीताल, चम्पावत और पिथौरागढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तरकाशी, देहरादून, पौड़ी, टिहरी और नैनीताल में भी भारी वर्षा की संभावना बनी हुई है, जबकि अधिकांश पर्वतीय जिलों में गर्जन और आकाशीय बिजली के साथ तेज बारिश हो सकती है।
राज्य सरकार की एडवाइजरी में जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सिंचाई, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग तथा अन्य संबंधित एजेंसियों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने, भूस्खलन संभावित मार्गों पर नजर बनाए रखने तथा आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य सरकार की आम जनता से अपील:
अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें।
नदी-नालों एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें।
किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन और आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें।
मौसम की ताजा जानकारी पर लगातार नजर बनाए रखें।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *