टिहरी में भारी बारिश का असर: बगड़धार में पत्थर गिरने से यातायात प्रभावित, पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
टिहरी। नरेंद्रनगर क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बगड़धार में पहाड़ी से लगातार पत्थर गिर रहे हैं, जिससे यातायात प्रभावित हो गया है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए टिहरी पुलिस ने मार्ग पर यातायात को नियंत्रित कर दिया है और आवश्यकतानुसार वाहनों को रोक-रोककर सुरक्षित तरीके से निकाला जा रहा है।
टिहरी पुलिस ने सभी वाहन चालकों और यात्रियों से अपील की है कि धैर्य बनाए रखें, पुलिस के निर्देशों का पालन करें तथा मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा से बचें। पुलिस का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से यात्रा पर निकलने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेने तथा सावधानी बरतने की भी सलाह दी है।
