छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले का रहने वाला धुलू राम अपने गांव और आसपास के इलाके में एक अजीब वजह से चर्चा में रहता था. लोग कहते थे कि वह जल्दी प्यार करता है, शादी करता है और फिर कुछ महीने या कुछ साल साथ बिताने के बाद रिश्ते से अलग हो जाता है.
आपको यह जानकार भी हैरानी होगी कि नौ साल के भीतर उसने एक या दो नहीं, बल्कि कुल 10 शादियां कीं. उसकी ज्यादातर शादियां प्रेम विवाह थीं, लेकिन कोई भी रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल पाया. ऐसे में चलिए विस्तार से जानें कि उसने अपनी दसवीं शादी का अंत कैसे किया.
Promote Your Business Here
धुलू राम की पहली पत्नी से उसके तीन बच्चे थे. करीब दो साल पहले उसी मौत हो गई थी, लेकिन पहली पत्नी के जिंदा रहते हुए भी उसने दूसरी महिलाओं से रिश्ते बनाए और एक के बाद एख कुल 10 शादियां कर लीं. इनमें से कुछ रिश्ते तो महज कुछ महीनों तक ही चले. गांव के लोगों के लिए यह सब असामान्य जरूर था, लेकिन शायद किसी ने नहीं सोचा था कि उसकी दसवीं शादी एक खौफनाक अंजाम तक पहुंच जाएगी.
रिश्तेदार की शादी में शामिल होने से शुरू हुई कहानी मौत पर खत्म
धुलू राम की दसवीं पत्नी बसंती बाई महुआपानी गांव की रहने वाली थी. दोनों के बीच रिश्ता ज्यादा पुराना नहीं था. अप्रैल 2024 में दोनों एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने गए थे. वहीं से एक ऐसी कहानी शुरू हुई, जिसका अंत हत्या के साथ हुआ.
एक शक ने कैसे पहुंचाया दसवीं बीवी को मौत के घाट
धुलू राम ने बताया था कि शादी समारोह के दौरान उसकी मां ने उसे बताया कि बसंती ने घर से खाने का सामान और साड़ी चुरा ली है. इस बात को लेकर वह गुस्से में आ गया. उस समय वह शराब के नशए में भी था. पहले दोनों के बीच झगड़ा हुआ और फिर उसने बसंती की पिटाई की. गुस्सा इतना बढ़ गया कि वह बसंती को पास के जंगल में ले गया. वहां उसने पत्थर के उसके सिर पर हमला कर दिया.
गंभीर चोट लगने से बसंती की मौत हो गई. वारदात के बाद धुलू राम पूरी रात शव के पास ही पड़ा रहा. अगली सुबह उसने जंगल में ही गड्ढा खोदकर पत्नी के शव को दफना दिया और वहां से फरार हो गया.
कुछ दिनों बाद रोपा-क्यारी नाले के पास एक सड़ी-गली लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. गांव के कोटवार ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद बगीचा थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू की. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट को मौत की वजह बताया गया. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बसंती बाई को आखिरी बार उसके पति धुलू राम के साथ देखा गया था. पूछताछ में धुलू राम ज्यादा देर तक पुलिस को गुमराह नहीं कर सका और उसने अपना अपराध कबूल कर लिया. उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया पत्थर भी बरामद कर लिया गया.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, धुलू राम ने स्वीकार किया कि उसने कुल 10 शादियां की थीं. पहली पत्नी से उसे तीन बच्चे हैं, जबकि बाकी महिलाओं के साथ उसके रिश्ते ज्यादा लंबे समय तक नहीं चले. कई पत्नियों के साथ वह कुछ महीनों तक रहा और फिर अलग हो गया.
