जिम में वर्कआउट के दौरान एसओजी कांस्टेबल की मौत, पुलिस महकमे में शोक
बनबसा। उत्तराखंड पुलिस परिवार के लिए शुक्रवार का दिन बेहद दुखद रहा। चंपावत जिले के बनबसा में तैनात स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) के कांस्टेबल गिरीश भट्ट का जिम में वर्कआउट के दौरान अचानक निधन हो गया। घटना के बाद पुलिस महकमे और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार 38 वर्षीय गिरीश भट्ट शुक्रवार दोपहर रोजाना की तरह जिम में व्यायाम करने पहुंचे थे। एक्सरसाइज के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह चक्कर खाकर जमीन पर गिर पड़े। जिम में मौजूद लोगों और उनके साथियों ने तुरंत उन्हें संभाला तथा आनन-फानन में उपचार के लिए खटीमा के एक निजी अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने उनकी गहन जांच की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक तौर पर चिकित्सक अचानक कार्डियक अरेस्ट को मौत की संभावित वजह मान रहे हैं। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत चिकित्सकीय जांच के बाद ही हो सकेगी।
गिरीश भट्ट मूल रूप से पिथौरागढ़ जिले के निवासी थे और वर्तमान में बनबसा के भजनपुर क्षेत्र में रह रहे थे। वह उत्तराखंड पुलिस की एसओजी इकाई में तैनात थे। परिजनों और दोस्तों के अनुसार वह पिछले तीन वर्षों से नियमित रूप से जिम में व्यायाम कर रहे थे।
गिरीश भट्ट अपने पीछे पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए हैं, जो अभी अध्ययनरत हैं। उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सहकर्मियों ने बताया कि गिरीश भट्ट एक मेहनती, ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मी थे। एसओजी में रहते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण आपराधिक मामलों के खुलासे में अहम भूमिका निभाई थी। उनके निधन की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर फैल गई और अधिकारियों व कर्मचारियों ने गहरा दुख व्यक्त किया।

ADVERTISEMENT

Promote Your Business Here

ADVERTISEMENT SPACE AVAILABLE

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *