Advertisement

टनकपुर-: क्षेत्र के लिए पंजाब के फिरोजपुर से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। टनकपुर-चम्पावत राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप स्थित ग्राम सभा सुखीढांग के सेतीचौड़ धूरा निवासी एक 30 वर्षीय युवक की पंजाब के फिरोजपुर में एक होटल में लगी भीषण आग में झुलसकर दर्दनाक मौत हो गई है। मृतक की पहचान तुलसी दत्त जोशी पुत्र विद्याधर जोशी के रूप में हुई है। इस हृदयविदारक घटना की सूचना मिलते ही पूरे सुखीढांग क्षेत्र और पैतृक गांव धूरा में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, फिरोजपुर (पंजाब) स्थित ‘नैवेद्यम स्वीट्स एंड बेकर्स’ नामक होटल में बुधवार की सुबह अचानक शॉर्ट सर्किट होने के कारण भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि होटल के भीतर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, आग की लपटें विकराल रूप धारण करने से पहले कुछ लोग सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे, लेकिन होटल में कार्यरत तुलसी दत्त जोशी इस भयानक अग्निकांड की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग की टीम ने जब तक आग पर काबू पाया, तब तक युवक की जान जा चुकी थी। दमकल कर्मियों ने घटनास्थल से युवक का शव बरामद किया, जिसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नजदीकी सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।पंजाब प्रशासन के माध्यम से घटना की जानकारी चंपावत में मृतक के परिजनों को दी गई।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *