Advertisement

विश्व दुग्ध दिवस पर कुमियाखाल में बोनस व दुग्ध उत्पादन किट वितरित, 701वीं महिला दुग्ध समिति का शुभारंभ
लालकुआं। विश्व दुग्ध दिवस के अवसर पर नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड द्वारा पर्वतीय क्षेत्र की कुमियाखाल दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति में स्वस्थ दुग्ध उत्पादन किट एवं बोनस वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने किया। इस दौरान दुग्ध उत्पादकों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पादन के लिए आवश्यक किट वितरित की गईं तथा बोनस राशि प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि दुग्ध सहकारिता ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने दुग्ध उत्पादकों से उत्पादन बढ़ाने के साथ गुणवत्ता बनाए रखने और सहकारी समितियों को सशक्त बनाने का आह्वान किया।
विश्व दुग्ध दिवस के अवसर पर पर्वतीय क्षेत्र की 701वीं भांकर दुग्ध उत्पादक सहकारी महिला समिति का भी शुभारंभ किया गया। नई समिति का उद्घाटन मुकेश बोरा ने फीता काटकर किया। इस मौके पर ग्राम प्रधान नवीन चंद्र आर्या, सामाजिक कार्यकर्ता नितेश बिष्ट, समिति अध्यक्ष आशा देवी एवं सचिव खुशबू सहित क्षेत्र के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की।
वक्ताओं ने कहा कि नई समिति क्षेत्र के दुग्ध उत्पादकों को संगठित करने, उनकी आय बढ़ाने तथा सहकारिता आंदोलन को और अधिक मजबूत बनाने में सहायक होगी। कार्यक्रम में किसानों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता खीमा शर्मा, ज्येष्ठ प्रमुख उमेश चंद्र पड़लिया, जिला पंचायत प्रतिनिधि कमलेश भट्ट, पूर्व ग्राम प्रधान कमलेश आर्या, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पी एंड आई प्रभारी सुभाष बाबू, एफओ शांति कोरंगा, पर्वतीय क्षेत्र प्रभारी हरीश आर्या, यातायात प्रभारी पूरन मिश्रा, सहायक प्रबंधक मीना रौतेला, मार्ग प्रभारी नीमा शाह, रेखा आर्या, सुपरवाइजर तारादत्त बुधलाकोटी, क्षेत्र परिवेक्षक संतोष कुमार समेत दुग्ध संघ के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में समिति की ओर से अतिथियों, अधिकारियों, दुग्ध उत्पादकों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया गया। इस दौरान ‘सशक्त किसान, समृद्ध गांव और मजबूत सहकारिता’ के संदेश को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *