Advertisement

समाचार सारांश टीम नेटवर्क चंपावत

चैत्र नवरात्र के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा विभाग अलर्ट: चम्पावत में किराना प्रतिष्ठानों और मॉल का औचक निरीक्षण

आगामी चैत्र नवरात्र के पावन पर्व पर उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशों पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। सोमवार को विभाग द्वारा चम्पावत बाजार स्थित विभिन्न किराना प्रतिष्ठानों और मॉल का औचक निरीक्षण किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य विशेष रूप से कुट्टू के आटे, सिंघाड़ा आटे और व्रत संबंधी अन्य खाद्य पदार्थों के विक्रय, संग्रह और विनिर्माण में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना है।

निरीक्षण के दौरान टीम ने खाद्य कारोबारकर्ताओं को व्रत की सामग्रियों के उचित रखरखाव और स्वच्छता के संबंध में कड़े निर्देश दिए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि समस्त विक्रेता केवल FSSAI मानकों के अनुरूप ही सामग्री का विक्रय करें। सभी सीलबंद पैकेटों पर निर्माण तिथि (MFG), एक्सपायरी डेट, विनिर्माता का पूर्ण पता और FSSAI लाइसेंस नंबर का अंकन अनिवार्य है। साथ ही, उपभोक्ताओं को दी जाने वाली प्रत्येक सामग्री का क्रय-विक्रय पक्के बिलों पर करना अनिवार्य किया गया है।
सैंपल जांच हेतु लैब भेजे गए, उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
यद्यपि सोमवार को हुए निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रतिष्ठान में कुट्टू के आटे का पुराना स्टॉक या असुरक्षित संग्रह नहीं पाया गया, तथापि विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में होने वाले निरीक्षणों में यदि कोई उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी। टीम ने गुणवत्ता की परख हेतु मॉल और किराना स्टोर से साबूदाना और सेंधा नमक के नमूने एकत्र किए हैं, जिन्हें जांच हेतु राजकीय लैब प्रेषित किया जा रहा है। लैब रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार अग्रिम कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनपद के सभी व्यापारियों से अपील की है कि वे त्यौहारों के समय केवल उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री ही बाजार में लाएं। विभाग द्वारा यह विशेष चेकिंग अभियान पूरे नवरात्र के दौरान जनपद के अन्य क्षेत्रों में भी निरंतर जारी रहेगा।

अभियान दल में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी और सहायक दिनेश फर्त्याल सम्मिलित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *