महिला से सामूहिक दुष्कर्म, होटल मैनेजर समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

ADVERTISEMENT

Promote Your Business Here

हरिद्वार

उत्तराखंड के हरिद्वार में पति से मिलने आई एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए होटल मैनेजर सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले की रहने वाली है और उसका पति हरिद्वार स्थित सिडकुल क्षेत्र की एक फैक्ट्री में कार्यरत है। महिला शनिवार देर शाम अपने पति से मिलने हरिद्वार पहुंची थी। आरोप है कि बस अड्डे के पास एक ऑटो चालक ने उसे बहला-फुसलाकर अपने वाहन में बैठा लिया। कुछ दूरी पर ले जाकर महिला को एक कार में बैठा दिया गया।

बताया जा रहा है कि कार
चालक महिला को शिवमूर्ति गली स्थित एक होटल में ले गया, जहां ऑटो चालक भी पीछे-पीछे पहुंच गया। पीड़िता का आरोप है कि होटल में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद महिला किसी तरह आरोपियों के चंगुल से बचकर शहर कोतवाली पहुंची और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।

शहर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन ट्रेसिंग के आधार पर आरोपियों को नहर पटरी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में एक नहटौर (बिजनौर) का निवासी, वर्तमान में सराय ज्वालापुर के श्रीराम एन्क्लेव में रह रहा है। दूसरा आरोपी ज्वालापुर के शास्त्रीनगर कड़च्छ क्षेत्र का निवासी है, जबकि तीसरा आरोपी होटल मैनेजर है, जो मूल रूप से कुंदरकी (मुरादाबाद) का रहने वाला है और फिलहाल हरिद्वार में रह रहा था। आरोपियों में एक कार चालक और एक ऑटो चालक शामिल है।

होटलों में पुलिस की सख्त कार्रवाई

घटना सामने आने के बाद पुलिस ने नगर कोतवाली क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया। जिस गेस्ट हाउस में वारदात हुई, उसके आसपास संचालित हो रहे होटलों की भी जांच की गई। पुलिस ने सात होटल संचालकों को करीब 23 घंटे तक हिरासत में रखकर पूछताछ की।

इस दौरान होटल रजिस्टर, ग्राहकों की आईडी, सीसीटीवी फुटेज और कर्मचारियों से विस्तृत जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान मिले अहम सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।

कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि मामले में सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और होटल प्रबंधन की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

ADVERTISEMENT SPACE AVAILABLE

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *