आबकारी विभाग में 11 नए पदों के सृजन को कैबिनेट की मंजूरी, अब प्रदेश में होंगे सात आबकारी परिक्षेत्र

राजस्व बढ़ाने और अवैध शराब पर अंकुश लगाने के लिए धामी सरकार का बड़ा फैसला, उप आबकारी आयुक्त और सहायक आबकारी आयुक्त के पद बढ़ाए गए
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेश के आबकारी विभाग को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। कैबिनेट ने आबकारी विभाग में उप आबकारी आयुक्त और सहायक आबकारी आयुक्त के कुल 11 नए पदों के सृजन को मंजूरी प्रदान की है। सरकार के इस फैसले को प्रदेश में राजस्व संग्रहण बढ़ाने, अवैध मदिरा के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने और विभागीय कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
कैबिनेट के निर्णय के अनुसार आबकारी विभाग के वर्तमान में संचालित दो परिक्षेत्रों का पुनर्गठन कर अब इनकी संख्या बढ़ाकर सात कर दी जाएगी। प्रत्येक परिक्षेत्र में एक-एक उप आबकारी आयुक्त का पद निर्धारित किया गया है। इसके लिए उप आबकारी आयुक्त (वेतन लेवल-11) के पांच नए पदों का सृजन किया गया है।
इसके अतिरिक्त प्रदेश में स्थापित डिस्टलरीज और ब्रूवरीज की निगरानी तथा विभागीय कार्यों के बेहतर संचालन के उद्देश्य से सहायक आबकारी आयुक्त (वेतन लेवल-10) के छह नए पद भी सृजित किए जाएंगे। इस प्रकार विभाग में कुल 11 नए पदों को मंजूरी दी गई है।
सरकार का मानना है कि आबकारी विभाग के प्रशासनिक ढांचे का विस्तार होने से प्रदेश में शराब के उत्पादन, वितरण और बिक्री से संबंधित गतिविधियों की निगरानी अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकेगी। साथ ही डिस्टलरीज और ब्रूवरीज से जुड़े विभागीय कार्यों के निस्तारण में तेजी आएगी।
प्रदेश में अवैध शराब के निर्माण, तस्करी और बिक्री पर रोक लगाना भी विभाग की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। परिक्षेत्रों की संख्या बढ़ने से अधिकारियों की जिम्मेदारी और कार्यक्षेत्र अधिक स्पष्ट होंगे तथा निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
विशेष रूप से सरकार का जोर आबकारी राजस्व में वृद्धि के साथ-साथ अवैध मदिरा के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने पर है। ऐसे में कैबिनेट का यह निर्णय आबकारी विभाग की प्रशासनिक क्षमता बढ़ाने और राजस्व हितों को सुरक्षित रखने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
