
पीलीभीत में मातदाता रिकॉर्ड में गड़बड़ी पर दो अधिकारी निलंबित
नई दिल्ली, उत्तर प्रदेश के पीलीभीत विधानसभा क्षेत्र में मतदाता रिकॉर्ड में अनधिकृत बदलाव के मामले में चुनाव आयोग ने सख्त कार्रवाई की है। आयोग ने दो मतदाता पंजीकरण अधिकारियों मयंक गोस्वामी और हेमंत चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
इसके साथ ही संबंधित कंप्यूटर ऑपरेटर अनिल कुमार के खिलाफ भी कार्रवाई तेज कर दी गई है। तीनों के खिलाफ पहले से दर्ज एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 198 जोड़ दी गई है। यह धारा किसी व्यक्ति को नुकसान पहुंचाने के इरादे से लोक सेवक द्वारा जानबूझकर कानूनी निदेर्शों
का उल्लंघन करने से संबंधित है। चुनाव आयोग ने इस मामले में आरोपपत्र जांच के लिए प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।
साथ ही स्पष्ट किया है कि उसकी पूर्व अनुमति के बिना निलंबित अधिकारियों की बहाली नहीं की जाएगी। आयोग ने उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पत्र लिखकर मामले को तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाने के लिए संबंधित न्यायालय में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने को कहा है।
आयोग ने पीलीभीत के जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ) को जिले की सभी चार विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूचियों की जांच कराने का भी निर्देश दिया है।