जनसेवा एक्सप्रेस में सांप दिखाकर यात्रियों से पैसे मांगने वाले छह सपेरे पकड़े
डिघवारा स्टेशन पर उतारे गए, वन विभाग के समन्वय से कानूनी कार्रवाई जारी
हाजीपुर, 2 अक्टूबर। पूर्व मध्य रेलवे के सोनपुर मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने जनसेवा एक्सप्रेस के सामान्य कोच में सांप दिखाकर यात्रियों से पैसे मांगने के आरोप में छह सपेरों को पकड़ा। शुक्रवार को सभी छह लोगों को डिघवारा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतार दिया गया। मामले में वन विभाग के समन्वय से आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 14618 जनसेवा एक्सप्रेस में इस गतिविधि की सूचना रेल मदद के माध्यम से मिली थी। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए आरपीएफ सोनपुर पोस्ट के उपनिरीक्षक शमशेर कुमार तथा सहायक उपनिरीक्षक विजय कुमार निगरानी कर रहे थे।
छपरा स्टेशन से ट्रेन रवाना होने के बाद सामान्य कोचों की जांच के दौरान छह लोग सांप दिखाकर यात्रियों से पैसे मांगते पाए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ जवानों की सहायता से उन्हें ट्रेन के अगले निर्धारित ठहराव डिघवारा स्टेशन पर उतार दिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपितों ने अपने नाम और पते स्पष्ट रूप से नहीं बताए। उन्होंने अपने निवास स्थान के संबंध में लखनऊ और हिमाचल प्रदेश सहित अलग-अलग जानकारियां दीं। फिलहाल उनके नाम-पते का सत्यापन किया जा रहा है।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन में इस तरह की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल सूचना दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
एएकदिवसीय
