Advertisement

खटीमा में हत्या के मामले में दो नामजद आरोपी गिरफ्तार
खटीमा। खेतलसंडा खाम में मारपीट के दौरान घायल हुए व्यक्ति की मौत के मामले में खटीमा पुलिस ने नामजद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर को सरकारी नल के पास पानी लेने गई एक युवती से छेड़छाड़ के आरोप का विरोध करने पर उसके पिता रोहित के साथ मारपीट की गई थी। उपचार के दौरान 28 सितंबर को रोहित की मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, घटना के संबंध में वादिनी की तहरीर पर कोतवाली खटीमा में मुकदमा अपराध संख्या 297/2026 के तहत धारा 103(1), 117(2), 3(5) और 74 बीएनएस में अभियोग दर्ज किया गया था। आरोप है कि संजय ने चारपाई की पाटी से रोहित के सिर पर वार किया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने सुरागरसी-पतारसी और संभावित ठिकानों पर दबिश के बाद 29 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर पुराने रेलवे फाटक, खेतलसंडा के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुभाष (33) और संजय (35), निवासी खेतलसंडा खाम, खटीमा के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि दोनों को 30 सितंबर को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले की विवेचना जारी है और विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कमल कुमार लुण्ठी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक केसी आर्य, उपनिरीक्षक राकेश राय, हेड कांस्टेबल गणेश कुमार और कांस्टेबल चालक कुलदीप सिंह शामिल रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *