बरेली में 7 अक्टूबर से होगा सुधांशु जी महाराज का सनातन संस्कृति सत्संग
बरेली। परम पूज्य सुधांशु जी महाराज के दिव्य सनातन संस्कृति सत्संग का आयोजन 7 अक्टूबर की शाम से 10 अक्टूबर 2026 की शाम तक मनोहर भूषण (एम.बी.) इंटर कॉलेज मैदान में किया जाएगा। चार दिवसीय आयोजन में श्रद्धालुओं को धर्म, अध्यात्म, संस्कार, मानव जीवन के मूल्यों और जीवन जीने की कला पर महाराजश्री के अमृतमय प्रवचनों का लाभ मिलेगा। आयोजन में बरेली के साथ ही अन्य शहरों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
विश्व जागृति मिशन बरेली मंडल के प्रधान देवेंद्र खंडेलवा ने बताया कि सत्संग के प्रचार-प्रसार के लिए 28 सितंबर से प्रतिदिन सुबह सात बजे प्रभात फेरियां निकाली जा रही हैं। इनमें हरिनाम जाप और भजन-कीर्तन किया जाएगा।
महामंत्री पवन कुमार अरोड़ा ने बताया कि सत्संग स्थल पर यज्ञ का भी आयोजन होगा। दिल्ली आश्रम से आए पुरोहितों द्वारा यज्ञ कराया जाएगा, जिसमें यजमानों के साथ गुरु भाई-बहनों को भी आहुति देने का अवसर मिलेगा।
कथा संयोजक संदीप मेहरा ने बताया कि आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। विभिन्न समितियों का गठन कर पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस दौरान मिशन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
