Advertisement

इस स्टेशन पर शुरू होगा रेल कोच रेस्टोरेंट, नवंबर से यात्रियों को मिलेगा नया खान-पान अनुभव
वाराणसी, 17 सितंबर। बलिया रेलवे स्टेशन पर यात्रियों और आम लोगों को जल्द ही वातानुकूलित रेल कोच के अनूठे माहौल में खान-पान का नया अनुभव मिलने जा रहा है। वाराणसी मंडल रेल प्रशासन ने स्टेशन पर रेल कोच रेस्टोरेंट के संचालन के लिए आवंटन की प्रक्रिया पूरी कर ली है। यह सुविधा नवंबर 2026 से शुरू होने की उम्मीद है।

बलिया रेलवे स्टेशन पर मिलेगी सुविधा


मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव के नेतृत्व में रेलवे की नवाचार नीति के तहत ई-नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से रेल कोच रेस्टोरेंट का आवंटन किया गया है। इसके लिए अनुबंध की अवधि पांच वर्ष निर्धारित की गई है।
रेस्टोरेंट में विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन उपलब्ध होंगे। वातानुकूलित रेल कोच के स्वरूप में तैयार यह रेस्टोरेंट यात्रियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगा। रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को स्टेशन परिसर में सुविधाजनक और अलग तरह का खान-पान विकल्प उपलब्ध कराना है।
बलिया स्टेशन पर रेल कोच रेस्टोरेंट शुरू होने के बाद यह वाराणसी मंडल का चौथा ऐसा रेस्टोरेंट होगा। इससे पहले बनारस, वाराणसी सिटी और मऊ रेलवे स्टेशनों पर रेल कोच रेस्टोरेंट की सुविधा संचालित की जा रही है।
रेल प्रशासन की ओर से स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार के साथ गैर-किराया राजस्व (नॉन-फेयर रेवेन्यू) बढ़ाने के लिए भी लगातार नए प्रयास किए जा रहे हैं। बलिया स्टेशन पर रेल कोच रेस्टोरेंट की शुरुआत इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *