Advertisement

बाबा नीब करोरी की जन्मस्थली के स्वामित्व विवाद की जांच शुरू
छह पोतियों और ट्रस्ट के ट्रस्टी को नोटिस, दोनों पक्षों से मांगे गए साक्ष्य व दस्तावेज
फिरोजाबाद। टूंडला के अकबरपुर स्थित संत बाबा नीब करोरी महाराज की जन्मस्थली के पैतृक मकान को लेकर चल रहे स्वामित्व विवाद में जिला प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित तीन सदस्यीय समिति ने मामले में संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर अपनी दावेदारी के समर्थन में साक्ष्य और दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा है।
समिति के अध्यक्ष एवं एडीएम (न्यायिक) अरविंद द्विवेदी ने बाबा नीब करोरी महाराज के छोटे पुत्र स्वर्गीय धर्म नारायण शर्मा की छह पुत्रियों सुनीता, अर्चना, वंदना, भावना, रितु और रिचा तथा श्री ठाकुर हनुमानजी ट्रस्ट के पर्देन ट्रस्टी संजय गुप्ता को नोटिस जारी किए हैं। प्रशासन का कहना है कि दोनों पक्षों के साक्ष्यों और दस्तावेजों का परीक्षण करने के बाद मामले में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
बताया गया कि छह पोतियों ने अगस्त माह में कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपा था। इसमें आरोप लगाया गया कि ग्राम पंचायत नगला स्थित मकान संख्या 154-व, जिसमें बाबा नीब करोरी महाराज का ध्यान कक्ष, भोजनालय और शयन कक्ष बताए जाते हैं, पर ट्रस्ट के ट्रस्टी संजय गुप्ता ने एकाधिकार कर लिया है।
मुंबई से आए भावना रावत के पति मनोज रावत ने भी जिलाधिकारी से मुलाकात कर पैतृक संपत्ति को कब्जामुक्त कराने तथा विवाद के स्थायी समाधान की मांग की थी। उन्होंने डीएम की अध्यक्षता में शासकीय प्रशासनिक ट्रस्ट गठित किए जाने का सुझाव भी दिया।
इधर, अकबरपुर में बाबा नीब करोरी धाम को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए कॉरिडोर का निर्माण कराया जा रहा है। ऐसे में जन्मस्थली से जुड़ा स्वामित्व विवाद भी प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण हो गया है।
एडीएम (न्यायिक) अरविंद द्विवेदी ने बताया कि सभी संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर साक्ष्य और दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया है। प्राप्त अभिलेखों के आधार पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जन्मस्थली पहुंचे डीएम, पर्यटन विकास कार्यों का लिया जायजा

नीब करोरी बाबा सर्किट से जुड़ेगा अकबरपुर, कॉरिडोर के विकास कार्यों की समीक्षा

फिरोजाबाद। संत बाबा नीब करोरी महाराज की जन्मस्थली टूंडला के ग्राम अकबरपुर को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर पहचान दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शनिवार को जन्मस्थली पहुंचकर वहां चल रहे विकास कार्यों और प्रस्तावित भव्य कॉरिडोर की प्रगति का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ पर्यटन विकास से संबंधित कार्यों की समीक्षा की और प्रस्तावित परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अकबरपुर को बाबा नीब करोरी महाराज की जन्मस्थली के रूप में विकसित करने से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

डीएम ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने पर्यटन नीति-2022 में संशोधन कर नीब करोरी बाबा सर्किट को शामिल किया है। इस सर्किट के तहत लखनऊ, फर्रुखाबाद, फिरोजाबाद और मथुरा-वृंदावन को आपस में जोड़ा जा रहा है। इससे बाबा नीब करोरी महाराज से जुड़े प्रमुख स्थलों को एक पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि जन्मस्थली के विकास से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और क्षेत्र को देश-विदेश के पर्यटकों के बीच नई पहचान मिलेगी। प्रशासन की ओर से कॉरिडोर के विकास और पर्यटन सुविधाओं को लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *