लेक्चरर के 800 से अधिक पद जल्द भरे जाएंगे: धन सिंह रावत
नैनीताल। प्रदेश के स्कूलों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। लेक्चरर के 800 से अधिक रिक्त पदों को जल्द भरा जाएगा। इन पदों पर भर्ती के लिए लोक सेवा आयोग की परीक्षा भी आयोजित हो चुकी है। जल्द ही भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
गुरुवार को नैनीताल पहुंचे शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रदेश के जिन विद्यालयों में वर्तमान में केवल एक शिक्षक तैनात है, वहां दो-दो शिक्षकों की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए जल्द विज्ञप्ति जारी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि बेतालघाट क्षेत्र में शिक्षकों की कमी को काफी हद तक दूर कर लिया गया है। प्रदेश में जहां भी शिक्षकों की आवश्यकता होगी, वहां प्राथमिकता के आधार पर शिक्षकों की तैनाती की जाएगी। सरकार का प्रयास है कि किसी भी विद्यालय में शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि निराश्रित बच्चों को 12वीं कक्षा तक निशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश के प्रत्येक जिले में हॉस्टल बनाए गए हैं। इन व्यवस्थाओं के माध्यम से जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा के साथ बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
