1.20 करोड़ की डिजिटल अरेस्ट ठगी का आरोपी मालदा से गिरफ्तार, 12 दिन तक वरिष्ठ नागरिक को रखा था बंधक
हल्द्वानी। उत्तराखंड एसटीएफ के साइबर थाना कुमाऊं परिक्षेत्र ने 1 करोड़ 20 लाख 18 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामले में एक आरोपी को पश्चिम बंगाल के मालदा से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शान्तनु दास निवासी इंग्लिश बाजार, मालदा के रूप में हुई है।
अल्मोड़ा निवासी वरिष्ठ नागरिक ने जनवरी 2026 में शिकायत दर्ज कराई थी कि दिसंबर 2025 में साइबर अपराधियों ने खुद को टेलीकॉम रेग्यूलेटरी विभाग का अधिकारी बताकर व्हाट्सएप कॉल की। आरोपियों ने आधार कार्ड केनरा बैंक खाते से लिंक होने, खाते में 60 करोड़ रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग और उनके खिलाफ 5 हजार एफआईआर दर्ज होने का डर दिखाया। इसके बाद उन्हें 12 दिनों तक “डिजिटल अरेस्ट” में रखकर अलग-अलग खातों में 1.20 करोड़ रुपये ट्रांसफर कराए गए।
एसटीएफ ने बैंक खातों, मोबाइल नंबर और व्हाट्सएप से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण कर आरोपी तक पहुंच बनाई। जांच में सामने आया कि आरोपी के खाते में पूरी 1.20 करोड़ रुपये की रकम प्राप्त हुई थी, जिसे बाद में अन्य खातों में ट्रांसफर किया गया।
एसटीएफ ने लोगों से अपील की है कि डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराने वाले कॉल पर विश्वास न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करें।
