गौरापड़ाव डकैती कांड में एक और गिरफ्तारी, लूटी गई चैन और 15 हजार रुपये बरामद
हल्द्वानी। गौरापड़ाव में 19 अगस्त को हुई डकैती के मामले में हल्द्वानी पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई पीली धातु की चैन और 15 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इस मामले में अब तक पुलिस आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
19 अगस्त की शाम डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली थी कि गौरापड़ाव क्षेत्र में 10-12 हथियारबंद लोगों ने लूटपाट की है। सूचना पर हल्द्वानी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। मामले में वादी नारायण दास निवासी अंबा बिहार, तीनपानी की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 284/26 दर्ज की गई थी। तहरीर के अनुसार बदमाश करीब आठ लाख रुपये, 12 मोबाइल फोन, तीन सोने की चेन और अंगूठी समेत अन्य सामान लूटकर ले गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नैनीताल के एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने करीब 50 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष टीम गठित की थी। टीम में एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल, अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी समेत विभिन्न थाना पुलिस, एसओजी, साइबर टीम और क्राइम विशेषज्ञ शामिल किए गए थे। घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड और क्राइम सीन विशेषज्ञों की भी मदद ली गई।
पुलिस के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और सुरागरसी-पतारसी के आधार पर मामले में यश सिडाना, वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू, रखवीर सिंह, अमनदीप सिंह, शिवराज सिंह, अफजल मलिक, साहब सिंह उर्फ साबी और गुरवंत सिंह उर्फ गोपी को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है।
इसी क्रम में पुलिस टीम ने 5 सितंबर 2026 को गलफार गेट, चोरगलिया से एक अन्य आरोपी गुरजन्ट सिंह उर्फ जिन्टा को गिरफ्तार किया। आरोपी की उम्र 32 वर्ष है और वह वार्ड नंबर-8, गणेश मंदिर, थाना सितारगंज, ऊधमसिंह नगर का निवासी बताया गया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पारदर्शी प्लास्टिक डिब्बे में रखी पीली रंग की गले की चेन तथा 500-500 रुपये के 30 नोट, कुल 15 हजार रुपये बरामद किए हैं। मामले में धारा 61(2) और 317(3) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
