मोटाहल्दू की श्रद्धा जोशी ने तैराकी में मचाया धमाल, चार स्वर्ण के साथ जीती व्यक्तिगत चैंपियनशिप
लालकुआं/हल्द्वानी। मोटाहल्दू की होनहार तैराक श्रद्धा जोशी ने अपनी प्रतिभा और शानदार प्रदर्शन के दम पर क्षेत्र और विद्यालय का नाम रोशन किया है। सेंट टेरेसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, काठगोदाम की छात्रा श्रद्धा ने सीबीएसई नॉर्थ जोन-1 तैराकी चैंपियनशिप में चार स्वर्ण पदक जीतकर अंडर-14 बालिका वर्ग की व्यक्तिगत चैंपियनशिप अपने नाम कर ली।
प्रतियोगिता का आयोजन 20 से 23 अगस्त 2026 तक सफायर इंटरनेशनल स्कूल, सेक्टर-70, नोएडा में किया गया। प्रतियोगिता में श्रद्धा ने अंडर-14 बालिका वर्ग की चार स्पर्धाओं में हिस्सा लिया और प्रत्येक में स्वर्ण पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
श्रद्धा ने 200 मीटर व्यक्तिगत मेडले, 200 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक, 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक और 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में शानदार प्रदर्शन करते हुए चारों स्पर्धाओं में पहला स्थान हासिल किया। चार स्वर्ण पदकों के साथ वह अंडर-14 बालिका वर्ग की व्यक्तिगत चैंपियन बनीं।
श्रद्धा की इस उपलब्धि को उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास का परिणाम माना जा रहा है। उनकी सफलता की खबर मिलते ही मोटाहल्दू और आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है। परिवार, विद्यालय और क्षेत्रवासियों ने श्रद्धा की उपलब्धि पर गर्व जताया है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर राजेश और स्कूल कोच इंदर कार्की ने श्रद्धा को इस शानदार सफलता पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि श्रद्धा ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी उपलब्धि विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी।
