Advertisement

रेलवे महाप्रबंधक का हरिद्वार–देवबंद रेलखंड का बड़ा निरीक्षण, कांवड़ मेला-2026 और अर्धकुंभ-2027 की तैयारियों का लिया जायजा


देहरादून/हरिद्वार। उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक श्री राजेश कुमार पांडे ने शुक्रवार को देवबंद–हरिद्वार रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण करते हुए रेल सुरक्षा, यात्री सुविधाओं और विकास कार्यों की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने झबरेड़ा, रुड़की और ज्वालापुर रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया तथा हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर कांवड़ मेला-2026 और अर्धकुंभ-2027 की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया।
महाप्रबंधक का मुरादाबाद मंडल पहुंचने पर देवबंद रेलवे स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती विनीता श्रीवास्तव और वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेल पथ, पुल, समपार फाटक, ओएचई, सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली, ट्रैक किनारे स्वच्छता, जल निकासी, अतिक्रमण और यात्री सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
झबरेड़ा रेलवे स्टेशन पर उन्होंने फुट ओवरब्रिज, स्टेशन परिसर और स्टेशन मास्टर कार्यालय का निरीक्षण किया। वहीं अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित हो रहे रुड़की रेलवे स्टेशन पर टिकट काउंटर, प्लेटफॉर्म, लिफ्ट निर्माण, फुट ओवरब्रिज, स्टेशन एप्रोच रोड और अन्य विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके बाद ज्वालापुर रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म, अंडरपास और गुड्स शेड में चार-पहिया वाहनों की लोडिंग व्यवस्था का निरीक्षण कर माल ढुलाई और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर महाप्रबंधक ने कांवड़ मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, सहयोग केंद्र, फुट ओवरब्रिज, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग, पीआरएस हॉल और स्टेशन एप्रोच रोड का जायजा लेते हुए भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा, चिकित्सा सहायता, उद्घोषणा प्रणाली और आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की।
महाप्रबंधक ने आगामी अर्धकुंभ-2027 को देखते हुए प्रस्तावित होल्डिंग एरिया, भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन निकासी, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाओं और विभागों के बीच समन्वय की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम रेल सेवाएं मिल सकें।
निरीक्षण के दौरान मुख्यालय के शाखा अधिकारी, मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती विनीता श्रीवास्तव, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) पारितोष गौतम सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *