रात्रिकालीन कार्यों को सशर्त अनुमति, लापरवाही पर डीएम सख्त
देहरादून, 22 जून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने परियोजना समन्वय समिति की बैठक में विभिन्न विभागों के भूमिगत विकास कार्यों की समीक्षा की। 14 विभागों और एजेंसियों के प्रस्तावों पर विचार करते हुए कुछ आवश्यक कार्यों को रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक सशर्त अनुमति दी गई।
डीएम ने कहा कि विकास कार्यों के दौरान आम जनता की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं तथा पर्याप्त मशीनरी, मैनपावर और सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। मानसून को देखते हुए सुधारीकरण हो चुकी सड़कों पर खुदाई की अनुमति नहीं होगी।
ईसी रोड स्थित एक सीवर कार्य की अनुमति कई माह तक लंबित रखने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित सहायक अभियंता को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनावश्यक देरी और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने चेतावनी दी कि समय पर कार्य पूरा न करने वाली एजेंसियों के खिलाफ कारण बताओ नोटिस, आर्थिक दंड और अन्य कार्रवाई की जाएगी। साथ ही रोड कटिंग, सुरक्षा मानकों की अनदेखी या अधूरी खुदाई छोड़ने पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को बेहतर समन्वय के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए गए।
ADVERTISEMENT
ADVERTISEMENT SPACE AVAILABLE
