Advertisement

देहरादून-:। स्वच्छता और कूड़ा प्रबंधन के क्षेत्र में सामुदायिक सहभागिता की अनूठी पहल ने नगर पंचायत लालकुआं को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय तथा राष्ट्रीय शहरी कार्य संस्थान की ओर से आयोजित ‘अर्बन लर्नाथॉन 2.0’ में नगर पंचायत लालकुआं को ‘अन्य नगरीय निकाय’ श्रेणी में राष्ट्रीय विजेता घोषित किया गया है। घर-घर कूड़ा संग्रहण और बेहतर अपशिष्ट प्रबंधन के लिए संचालित ‘गुलमोहर’ स्वयं सहायता समूह की अभिनव परियोजना ने यह उपलब्धि हासिल की है।
देहरादून में आयोजित ‘पर्वत मंथन सम्मेलन’ के दौरान केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने नगर पंचायत लालकुआं को विजेता प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उत्तराखंड शासन के शहरी विकास सचिव नितेश झा, अपर सचिव एवं निदेशक विनोद गिरी गोस्वामी, भारत सरकार की संयुक्त सचिव नमिता प्रसाद, राष्ट्रीय शहरी कार्य संस्थान की निदेशक डॉ. देवोलिना कुंडू तथा राज्य मंत्री पुनीत मित्तल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
नगर पंचायत लालकुआं की इस उपलब्धि के पीछे में गठित ‘गुलमोहर’ पुरुष स्वयं सहायता समूह की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। नगर पंचायत की पहल पर गठित इस समूह के सदस्य घर-घर जाकर कूड़ा एकत्र करने के साथ ही उसके व्यवस्थित प्रबंधन की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इस व्यवस्था ने जहां नगर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती दी है, वहीं स्थानीय लोगों को रोजगार और आजीविका से जोड़ने का भी काम किया है।
समूह के माध्यम से नियमित कूड़ा संग्रहण, सामुदायिक भागीदारी और प्रभावी अपशिष्ट प्रबंधन का ऐसा मॉडल विकसित किया गया, जिसे राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली। इसी उत्कृष्ट कार्यप्रणाली और सफल क्रियान्वयन के आधार पर लालकुआं को देशभर के नगरीय निकायों के बीच विजेता चुना गया।
सम्मान समारोह में नगर पंचायत लालकुआं के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी, तत्कालीन अधिशासी अधिकारी राहुल कुमार सिंह, स्वच्छता ब्रांड अम्बेसडर बीसी भट्ट, सभासद भुवन पांडे एवं धन सिंह बिष्ट ने प्रतिभाग कर पुरस्कार ग्रहण किया।
नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान नगर के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, गुलमोहर समूह के सदस्यों और समस्त नगरवासियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत भविष्य में भी स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
लालकुआं की इस राष्ट्रीय उपलब्धि से न केवल नगर का गौरव बढ़ा है, बल्कि उत्तराखंड के अन्य नगरीय निकायों के लिए भी एक नई राह खुली है। ‘गुलमोहर’ समूह के माध्यम से तैयार यह मॉडल साबित करता है कि स्थानीय लोगों की भागीदारी और सामूहिक प्रयासों से स्वच्छता एवं कूड़ा प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था खड़ी कर उसे राष्ट्रीय पहचान दिलाई जा सकती है।

Advertisemesnt

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *