
देहरादून। कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की फरवरी 2026 में आयोजित मल्टीटास्किंग स्टाफ (एमटीएस) एवं हवलदार ऑनलाइन परीक्षा में हाईटेक तरीके से नकल कराने के मामले में उत्तराखंड एसटीएफ ने एक और आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंकित कुमार (22) पुत्र अनिल पासवान, निवासी मुगलसराय, जनपद चंदौली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
एसटीएफ के अनुसार, इस मामले में 14 फरवरी 2026 को देहरादून कोतवाली नगर में सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की संवेदनशीलता और तकनीकी पहलुओं को देखते हुए जांच एसटीएफ को सौंपी गई थी।
जांच में सामने आया कि आरोपी परीक्षा केंद्र पर पर्यवेक्षक के रूप में तैनात था। उसकी जिम्मेदारी अभ्यर्थियों के पहचान पत्रों की जांच करने और परीक्षा केंद्र में अनुचित गतिविधियों पर नजर रखने की थी। आरोप है कि उसने परीक्षा केंद्र में लगे कंप्यूटरों को रिमोट एक्सेस करने के लिए जरूरी आईपी संबंधी जानकारी नकल कराने वाले गिरोह के सदस्यों को उपलब्ध कराई थी।
एसटीएफ इस प्रकरण में पहले ही गिरोह के सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पूछताछ में अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है।
एसटीएफ के मुताबिक, आरोपी नवंबर 2025 में आयोजित एसएससी की एमटीएस एवं क्लेरिकल स्टाफ परीक्षा में नकल के एक अन्य मामले में भी वांछित था। वर्तमान मामले की विवेचना पुलिस उपाधीक्षक परवेज अली कर रहे हैं।