
कपकोट में कपड़े धोते समय फिसला पैर, पुलिस और स्थानीय लोगों ने चलाया संयुक्त रेस्क्यू अभियान; अस्पताल में हालत सामान्य
बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के कपकोट में सरयू नदी के तेज बहाव में बहे जम्मू-कश्मीर के 20 वर्षीय युवक को पुलिस, एनडीआरएफ और स्थानीय लोगों की संयुक्त टीम ने सुरक्षित बचा लिया। युवक नदी किनारे कपड़े धोते समय अचानक पैर फिसलने से गहरे पानी में चला गया था। रेस्क्यू के बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति सामान्य और खतरे से बाहर है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार 20 अक्टूबर को कपकोट पुलिस को स्थानीय निवासी राजा शाही ने सूचना दी कि सरयू पुल के समीप एक युवक नदी के तेज बहाव में बह गया है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कपकोट के नेतृत्व में पुलिस टीम आपदा राहत उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस, एनडीआरएफ के जवानों और स्थानीय नागरिकों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया और काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया।
युवक की पहचान मोहम्मद अशरफ (20) पुत्र मोहम्मद अब्बास, निवासी ग्राम चिसाना, थाना रियांसी, जिला रियांसी, जम्मू-कश्मीर के रूप में हुई है। युवक ने बताया कि वह सुबह करीब 11 बजे सरयू पुल के पास नदी किनारे कपड़े धो रहा था। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव की चपेट में आ गया।
रेस्क्यू के बाद पुलिस ने युवक को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी कपकोट पहुंचाया। चिकित्सकों की निगरानी में उसकी हालत सामान्य बताई गई है। अस्पताल में युवक के साथी भी मौजूद रहे और उन्होंने समय पर मदद पहुंचाने के लिए पुलिस तथा रेस्क्यू टीमों का आभार जताया।