शांतिपुरी में छात्राओं को दिए सफलता के मंत्र, करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित

Advertisement

शांतिपुरी (ऊधम सिंह नगर)। राजकीय कन्या हाईस्कूल शांतिपुरी में मार्गदर्शन एवं परामर्श कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को करियर निर्माण, आत्मनिर्भरता, शिक्षा और जीवन में सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने छात्राओं से अपने सपनों को लक्ष्य बनाकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

विद्यालय की पूर्व छात्रा नताशा जोशी ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने पार्लर का प्रतिष्ठान खोलकर अपना व्यवसाय स्थापित किया है और इसके माध्यम से अच्छी आमदनी अर्जित करने के साथ दो लोगों को रोजगार भी दिया है। उन्होंने छात्राओं को निराशा से दूर रहकर अपनी रुचि के अनुसार करियर चुनने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

जवाहर नगर क्षेत्र की बीडीसी सदस्य सरोजिनी कार्की ने कहा कि बच्चों के भविष्य निर्माण में गुरुजनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। वहीं, कार्यक्रम में संरक्षक एवं पूर्व दर्जा राज्य मंत्री डॉ. गणेश उपाध्याय ने कहा कि छात्राओं में आत्मसम्मान, बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का जज्बा होना चाहिए। शिक्षकों का मार्गदर्शन बच्चों के भविष्य की दिशा निर्धारित करने में अहम भूमिका निभाता है।

उन्होंने विद्यालय की छात्राओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि लगातार सात वर्षों से शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम विद्यालय की उपलब्धि है। प्रधानाचार्य ने बताया कि छात्राएं पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। जूडो प्रतियोगिता में पायल, हिमानी और गुड़िया ने प्रदेश स्तर पर स्थान बनाया है और अब वे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेंगी।

एथलेटिक्स में गुड़िया ने ऊंची कूद, मोनिका ने गोला फेंक, नीलम ने भाला फेंक में प्रथम स्थान प्राप्त किया। मोनिका ने हैमर थ्रो में दूसरा तथा तमन्ना ने तीसरा स्थान हासिल किया। चयनित छात्राएं अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करेंगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में एसएमसी अध्यक्ष गीता कोरंगा, अभिव्यक्ति संघ अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह कार्की (सोनू), शिक्षिका सुनीता सिंह, प्रेम बोहरा, अनीता चंद, पूजा, रवीना सहित विद्यालय की दर्जनों छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका सुनीता सिंह ने किया।

Advertisemesnt

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *