
बर्निगाड/उत्तरकाशी पुष्कर सिंह धामी ने पुरोला विधानसभा क्षेत्र के बर्निगाड में आयोजित जन सेवा शिविर के दौरान क्षेत्र के चहुंमुखी विकास और जनता को सीधा लाभ पहुंचाने के लिए लगभग 215 करोड़ से अधिक रुपये की लागत वाली विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कुल 194 करोड़ 61 लाख रुपये की लागत के 30 विभिन्न कार्यों का शिलान्यास किया गया, जिससे पुरोला विधानसभा क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को एक नई मजबूती मिलेगी।
शिलान्यास किए गए प्रमुख कार्यों में लोक निर्माण विभाग पुरोला के तहत 6 करोड़ रुपये की लागत के 05 कार्य, लोक निर्माण विभाग बड़कोट के तहत 6 करोड़ 61 लाख रुपये की लागत के 04 कार्य, पीएमजीएसवाई खंड पुरोला के अंतर्गत 176 करोड़ 87 लाख रुपये की लागत के 18 कार्य और सिंचाई खंड पुरोला के अंतर्गत 5 करोड़ 12 लाख रुपये की लागत के 03 कार्य शामिल हैं। इन योजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में सड़क संपर्क, सिंचाई और अन्य ढांचागत सुविधाओं का विस्तार तेजी से किया जाएगा। शिलान्यास के साथ ही मुख्यमंत्री द्वारा कुल 22 करोड़ 36 लाख रुपये की लागत के 08 विभिन्न कार्यों का लोकार्पण भी किया गया। इन लोकार्पित कार्यों में लोक निर्माण विभाग बड़कोट का 97 लाख रुपये का 01 कार्य, समग्र शिक्षा के अंतर्गत 1 करोड़ 25 लाख रुपये के 03 कार्य, माध्यमिक शिक्षा के अंतर्गत 1 करोड़ 36 लाख रुपये का 01 कार्य और पीएमजीएसवाई खंड पुरोला के अंतर्गत 18 करोड़ 76 लाख रुपये की लागत के 03 कार्य प्रमुख रूप से शामिल हैं।