पण्डित दीनदयाल उपाध्याय जयंती की पूर्व संध्या पर विचार गोष्ठी एवं सम्मान समारोह आयोजित।
समाचार सारांश टीम नेटवर्क
लखनऊः 24 सितम्बर, 2026
पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती की पूर्व संध्या पर आज सूचना निदेशालय, लखनऊ में राज्य मुख्यालय मान्यता प्राप्त पत्रकार एसोसिएशन संगठन के तत्वावधान में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया गया।
इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन सादगी, त्याग और राष्ट्र सेवा का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने ’एकात्म मानववाद’ और ’अंत्योदय’ का दर्शन देकर भारतीय राजनीति को नई दिशा दी। उनका मानना था कि विकास का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए।
श्री सिंह ने कहा कि आज केन्द्र की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में अंत्योदय के इसी मंत्र को साकार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत जैसी जन-कल्याणकारी योजनाएं पंडित जी के सपनों को ही साकार कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि सूचना विभाग की यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है कि सरकार की योजनाओं और अंत्योदय की भावना को जन-जन तक पहुँचाया जाए। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करें, यही पंडित जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
अपर निदेशक अरविंद कुमार मिश्रा ने कहा कि, पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन त्याग और राष्ट्र सेवा का प्रतीक है। एकात्म मानववाद और अंत्योदय के माध्यम से उन्होंने हमें अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुँचाने का मार्ग दिखाया। उनका दर्शन आज भी हमारे लिए प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को सम्मानित भी किया गया।
इससे पूर्व अब्दील वहीद द्वारा सूचना निदेशक एवं डॉ सुल्तान शाकिर द्वारा अपर सूचना निदेशक को बुके एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अध्यक्षता डॉ0 पवन पुत्र बादल ने की।
कार्यक्रम में वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह, सहायक निदेशक सतीश भारती, डॉ जितेंद्र प्रताप सिंह, चंद्र मोहन, अमित कुमार यादव, प्रभात श्रीवास्तव सहित सूचना निदेशालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
